देश के सबसे बड़े जयचन्द हैं दिग्विजय सिंह- बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष

  
Last Updated:  October 17, 2020 " 12:12 am"

इंदौर : बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह को प्रदेश ही नहीं देश का सबसे बड़ा जयचंद बताया है। शुक्रवार को सांवेर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने ये बात कही। दरअसल ग्वालियर- चम्बल क्षेत्र में कमलनाथ- दिग्विजय सिंह ने एक सभा के दौरान शहीद स्मारक और रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा लगवाने का ऐलान किया था।उसी संदर्भ में पूछे गए सवाल के जवाब में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने ये बात कही। उनका कहना था कि ये वहीं दिग्विजय सिंह हैं जिन्होंने सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे। ये वही दिग्विजय सिंह हैं जिन्होंने बाटला हाउस एनकाउंटर को फर्जी बताया था।ये वहीं दिग्विजय सिंह हैं जिन्होंने कश्मीर से धारा 370 हटाने का विरोध किया था, ये वहीं हैं, जिन्होंने राम सेतु को काल्पनिक बताया था और प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए थे। ऐसे लोग जयचन्द कहलाने के योग्य हैं।

लोकतंत्र के हत्यारे तो कमलनाथ हैं।

कांग्रेस की लोकतंत्र बचाओ यात्रा पर तंज कसते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र के हत्यारे तो कांग्रेस और कमलनाथ हैं। इंदिराजी ने आपातकाल लगाया था तो कमलनाथ उसके रणनीतिकार थे। लोकतंत्र की हत्या वो थी। वीडी शर्मा ने कहा कमलनाथ को तो अपने कृत्य के लिए प्रायश्चित करना चाहिए।

सिंधिया और उनके साथियों ने प्रदेश को बचाया है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने प्रदेश को लूट- खसोट का अड्डा बना रखा था। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने साथियों के साथ कमलनाथ सरकार को चलता कर प्रदेश को बचाने का काम किया है। वे जानते थे कि बीजेपी ही वो पार्टी है, जो गरीबों सहित हर वर्ग के हित और उत्थान के लिए काम करती है।इसीलिए वे अब बीजेपी का हिस्सा हैं।

कमलनाथ ने गरीबों की योजनाएं बन्द कर दी थीं।

वीडी शर्मा ने कमलनाथ को निशाने पर लेते हुए जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कमलनाथ हर जगह कहते फिरते हैं कि ‘मेरा कसूर क्या था’। उनका कसूर ये था कि उन्होंने शिवराज सरकार द्वारा गरीबों, युवाओं, माता- बहानोंऔर बुजुर्गों के लिए चलाई जाने वाली सारी योजनाएं बन्द कर दी थीं। प्रदेश की जनता के साथ कमलनाथ ने छल- कपट किया। किसानों, बेरोजगारों के साथ धोखाधड़ी की। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह का बीजेपी कार्यकर्ता बोरिया बिस्तर बंधवाकर बीजेपी कार्यकर्ता उन्हें नई दिल्ली और बंगाल भेज देंगे।

आइफा के नाम पर 700 करोड़ वसूले गए।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आरोप लगाया कि आइफा के नाम पर कमलनाथ सरकार ने 700 करोड़ रुपए उद्योगपतियों से वसूल लिए, उसकी जांच चल रही है। सच तो ये है कि कमलनाथ ने उद्योपतियों को भी नहीं छोड़ा।

कांग्रेस का यही असली चरित्र है।

सज्जन सिंह वर्मा की कैलाश विजयवर्गीय को लेकर की गई मर्यादाहीन टिप्पणियों पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यही कांग्रेस का असली चरित्र है।

प्रदेश की जनता के साथ छल- कपट करने वाले शैतान हैं।

ये पूछे जाने पर की साधु और शैतान को लेकर आपकी क्या राय है, इस पर उमेश शर्मा से जानकारी लेने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि साधु एक प्रवृत्ति होती है। समाज और गरीब जनता के कल्याण की भावना के साथ काम करने वाले साधु वृत्ति के होते हैं। कांगेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जिन्होंने प्रदेश की जनता के साथ धोखाधड़ी की है, वे शैतान वृत्ति के ही लोग हैं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *