13 मार्च को पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस करेगी राजभवन का घेराव

  
Last Updated:  March 10, 2023 " 08:31 pm"

केंद्र सरकार पर अडानी के पक्ष में क्रोनी केपिटलिज्म नीति अपनाने का लगाया आरोप।

संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग सहित महंगाई, बेरोजगारी भी होंगे मुद्दे।

इंदौर : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा लिए गए निर्णयानुसार मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रदेश में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सोमवार, 13 मार्च, 2023 को राजधानी भोपाल में राजभवन का घेराव-विशाल मार्च का आयोजन करेगी। घेराव आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से मध्यप्रदेश के प्रभारी पूर्व सांसद जे.पी. अग्रवाल सहित कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कांग्रेसजन शामिल होंगे।

मध्यप्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष व इंदौर के संगठन प्रभारी महेन्द्र जोशी और कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता व इन्दौर-उज्जैन के मीडिया प्रभारी संतोष सिंह गौतम ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 मार्च 2023 को दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में प्रदेश भर के सभी वरिष्ठ नेतागण, विधायकगण और कांग्रेसजन जवाहर चौक पर एकत्रित होकर पैदल मार्च करते हुए राजभवन के घेराव के लिए कूच करेंगे।

विभिन्न मुद्दों को लेकर किया जा रहा घेराव।

महेन्द्र जोशी व संतोष सिंह गौतम ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा उद्योगपति गौतम अडानी के पक्ष में अपनायी गई “क्रोनी कैपिटलिज्म” की नीति से गहराए उत्पन्न आर्थिक संकट से गरीब और मध्यम वर्ग के करोड़ों भारतीयों की बचत जोखिम में तब्दील हो गई है। देश में बेतहाशा बढ़ती महंगाई, प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, तनावग्रस्त किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग और महिलाओं पर हो रहे निरंतर व उत्तरोत्तर बढ़ते अत्याचार, बलात्कार-सामूहिक बलात्कार और उसके बाद निर्मम हत्याओं, ध्वस्त कानून व्यवस्था, लूट, डकैती सहित भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आमजन परेशान है। भाजपा और संघ विचारधारा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग और उनकी छवि धूमिल करने पर आमादा हैं। लिहाजा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उक्त घेराव-विशाल मार्च आयोजित किया जा रहा है।

नेताओं ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने उक्त आयोजन में समस्त जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और सभी जिला/ शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों से कहा है कि वे अपने-अपने जिलों के सभी साथियों, विशेष रूप से ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों, मण्डलम और सेक्टर कांग्रेस अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों, स्थानीय संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों सहित सभी कांग्रेसजनों को राजभवन घेराव-विशाल मार्च कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अनिवार्य रूप से उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करें।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *