28-29 दिसंबर को होनेवाले ब्रह्मोत्सव-2 के लिए हुआ भूमिपूजन

  
Last Updated:  November 14, 2019 " 12:36 pm"

इंदौर : श्री परशुराम महासभा इंदौर के बैनर तले ‘ब्रह्मोत्सव-2’ का आयोजन आगामी 28 व 29 दिसंबर को किया जा रहा है। अन्नपूर्णा रोड स्थित नटराज नगर मैदान पर होनेवाले इस दो दिवसीय आयोजन के लिए गुरुवार को भूमिपूजन कार्यक्रम रखा गया। नागोरिया पीठाधिपति
स्वामी श्री विष्णु प्रपन्नाचार्य महाराज और गायत्री सिद्धपीठ उज्जैन के महंत नारायण नंदजी महाराज के आतिथ्य में विधि विधान के साथ भूमिपूजन की रस्म संपन्न कराई गई। इस मौके पर बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार और गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। पूर्व विधायक अश्विन जोशी, परशुराम महासभा के पदाधिकारी, विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विप्र समाज के महिला- पुरुष इस दौरान मौजूद रहे।

युवाओं की समस्याएं और महिला सशक्तिकरण पर होगा विचार।

ब्रह्मोत्सव-2 के संयोजक पण्डित संजय मिश्रा ने बताया कि 28 व 29 दिसंबर को होने वाले इस वृहद सम्मेलन में पूरे प्रदेश से सर्व ब्राह्मण समाज के लोग भाग लेंगे। पहले दिन याने 28 दिसंबर को पहला सत्र बौध्दिक चर्चा का होगा। इसमें समाज के शिक्षाविद, विद्वान और शास्त्रों के ज्ञाता समाज में व्याप्त कुरीतियों, भ्रांतियों, तीज त्योहारों को लेकर तिथियों की घट- बढ़ और अन्य सन्दर्भित विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। इसके बाद युवा सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें ब्राह्मण समाज के युवाओं के समक्ष विद्यमान समस्याओं और चुनौतियों पर चर्चा होगी व समाधान के उपाय खोजे जाएंगे। खासकर शिक्षित युवाओं में बेरोजगारी को दूर करने के उपायों पर विचार किया जाएगा।
पण्डित संजय मिश्रा ने बताया कि सम्मेलन का दूसरा दिन 29 दिसंबर महिला सशक्तिकरण को समर्पित होगा। इस दिन ब्राह्मण समाज की महिलाओं के उत्थान पर चर्चा होगी। जो महिलाएं घरेलू उद्योग- धंधे चलाती हैं, उन्हें मार्केट उपलब्ध कराने का प्रयास भी सम्मेलन के जरिये किया जाएगा। इसी के साथ सर्व ब्राह्मण समाज की गरीब बेटियों के लिए इंदौर में सर्वसुविधायुक्त होस्टल का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *