40 दिन बाद चंद्रमा की सतह पर उतरेगा चंद्रयान- 3

  
Last Updated:  July 15, 2023 " 05:43 am"

पीएम मोदी सहित तमाम राजनेताओं ने इसरो वैज्ञानिकों को दी बधाई।

तिरुपति : चंद्रयान-3 चांद के सफर पर निकल गया है। इसे शुक्रवार दोपहर 2:35 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से छोड़ा गया । 615 करोड़ की लागत से तैयार हुए ‘चंद्रयान-3’ को भेजने के लिए LVM-3 रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल किया गया है।

40 दिन बाद चंद्रमा पर हो सकती है लैंडिंग।

ISRO प्रमुख एस. सोमनाथ ने इस मिशन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगर सब कुछ सामान्य रहा तो चंद्रयान-3 के 23 अगस्त की शाम लगभग 5.47 बजे चंद्रमा पर उतरने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हमने पहले साल में देखा कि पहले क्या गलती हुई थी और उसके बाद दूसरे साल में क्या सुधार किया जाए कि ये बेहतर हो। फिर हमने देखा कि और क्या गलती हुई थी क्योंकि कुछ समस्याएं छिपी होती है जो हमने समीक्षा और टेस्ट द्वारा पता लगाया। तीसरे साल हमने सभी टेस्टिंग की और अंतिम साल में हमने अंतिम संयोजन और तैयारी की। मैं इस कार्य के लिए पूरी टीम को बधाई देता हूं।

पीएम मोदी सहित राजनेताओं ने दी बधाई।

चंद्रयान 3 के सफल प्रक्षेपण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘भारतीय अंतरिक्ष के क्षेत्र में 14 जुलाई 2023 का दिन हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। यह राष्ट्र की आशाओं और सपनों को आगे बढ़ाएगा।

प्रक्षेपण के दौरान मौजूद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि मोदी सराकर के 9 साल के कार्यकाल में अब हम केवल रॉकेट लॉन्च करने तक ही सीमित नहीं हैं…दुनिया अब नेतृत्व करने के लिए हमारी ओर देख रही है। पहले दुनिया हमें इस तरह नहीं देखती थी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने ट्वीट कर चंद्रयान 3 के सफल प्रक्षेपण पर ISRO को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक चंद्रयान 3 मिशन के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो को बधाई। यह दुनिया के सामने भारत की तकनीकि क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा और चंद्र सतह के बारे में हमारी समझ का विस्तार करेगा। यह उल्लेखनीय मिशन हमारे वैज्ञानिकों की प्रतिभा और दृढ़ता का प्रमाण है, जो भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं को लगातार नई ऊंचाइयां दे रहे हैं।

भारत ने शुरू की ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस मौके पर कहा कि भारत ने चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण के साथ अपनी ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा शुरू की है। इसरो के वैज्ञानिकों को मेरी हार्दिक बधाई, उनकी अथक खोज ने आज भारत को पीढ़ियों के लिए एक उल्लेखनीय अंतरिक्ष यात्रा की पटकथा लिखने की राह पर आगे बढ़ाया है।

राहुल गांधी ने दी इसरो को बधाई।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इसरो को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि चंद्रयान 3, 1962 में भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लॉन्च और 1969 में इसरो के निर्माण के बाद से वैज्ञानिक समुदाय द्वारा किए गए दशकों के श्रम का प्रतिफल है। इस मिशन की सफलता हमें चंद्रमा की सतह पर अंतरिक्ष यान उतारने वाला चौथा देश बना देगी। सचमुच यह एक अविश्वसनीय उपलब्धि होगी। इसरो की पूरी टीम को बधाई।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *