41 साल बाद हॉकी में पदक जीतने पर देशभर में दौड़ी खुशी की लहर, पीएम मोदी ने टीम को दी बधाई

  
Last Updated:  August 5, 2021 " 05:02 pm"

नई दिल्ली : ओलिम्पिक में 41 साल बाद हॉकी में भारत के पदक जीतने पर देशभर में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग जमकर अपनी खुशी का इजहार करने के साथ भारतीय टीम को बधाई दे रहे हैं। टीम के कांस्य पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने फोन पर टीम के कप्‍तान मनप्रीत सिंह से बात की और कहा कि ‘आपने इतिहास बनाया है।’
मनप्रीत ने टीम का उत्‍साह बढ़ाने के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया। पीएम मोदी ने कांस्‍य पदक जीतने की बधाई देते हुए टीम के हेड कोच ग्राहम रीड और असिस्‍टेंट कोच पीयूष दुबे से भी बात की। इसके पूर्व जीत के बाद पीएम ने एक ट्वीट में कहा था कि हॉकी टीम की इस जीत से भारत ‘प्रफुल्लित, प्रेरित और गर्वित’ हुआ है।
पीएम मोदी ने अपने बधाई संदेश में लिखा, ‘तोक्‍यो में हॉकी टीम की शानदार जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। ये नया भारत है, आत्मविश्वास से भरा भारत है। हॉकी टीम को फिर से ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।’

1980 में मास्को ओलिम्पिक में जीता था गोल्ड।

भारत ने इसके पूर्व 1980 में मॉस्‍को ओलिंपिक में गोल्‍ड मेडल जीता था। कांस्‍य पदक आखिरी बार 1972 के म्‍यूनिख ओलिंपिक में मिला था। भारत ने ओलिंपिक में कुल 8 गोल्‍ड मेडल जीते हैं। इस साल मेडल्‍स की संख्‍या अभी तक चार है। हॉकी के अलावा वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन और मुक्केबाजी में मेडल्‍स आ चुके हैं।

मप्र के दो खिलाड़ियों को शिवराज सरकार देगी 1- 1 करोड़।

टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे मध्य प्रदेश के विवेक सागर और नीलाकांता को मध्य प्रदेश सरकार 1-1 करोड़ की राशि देगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया ट्वीट के माध्यम से यह घोषणा की।

दोनों ही खिलाड़ियों का मध्य प्रदेश से संबंध ।

बता दें कि भारतीय हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर इटारसी के रहने वाले हैं तो नीलाकांता ने मध्यप्रदेश में ट्रेनिंग ली है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *