इंदौर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी एक विचार के आधार पर कार्य करने वाला दल है। इस दल का विचार देश को सशक्त बनाने के लिये अपनी स्थापना से लेकर आज तक कार्य कर रहा है। अगर देश में धारा 370 जैसा कलंक नहीं है, देश सक्षम हाथों में है तो इसका कारण हमारा बूथ का कार्यकर्ता है। इसलिये भाजपा और देश की ताकत बूथ का प्रत्येक कार्यकर्ता है।
श्री शर्मा शनिवार को इंदौर प्रवास के दौरान बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में उपस्थित बूथ अध्यक्षों, बूथ प्रभारियों, वार्ड प्रभारियों, मण्डल अध्यक्षों और मण्डल पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
अपने बूथ को सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी बनाएं।
ब्रिलियंट कन्वेशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष श्री शर्मा ने आगे कहा कि बूथ के कार्यकर्ताओं को केन्द्र और राज्य सरकारी की जनहितैषी योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम करते हुए अपने बूथ को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि आज ऐसा कोई घर नहीं होगा, जहां केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उस घर के व्यक्ति को नहीं मिल रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि हमें अपने बूथ को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाने के संकल्प के साथ काम करना चाहिए।
श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी के तमाम कार्यकर्ता, जिम्मेदार कार्यकर्ता हैं और देश के लिये काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी संसद में अपने पहले भाषण में कहा था कि आज यदि देश में बहुमत की सरकार बनी है तो उसका श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के संकल्पों को हम पूरा कर पा रहे हैं तो उसके पीछे भी आप जैसे कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा संगठन यदि बना है तो उसके के लिए हमारे कई लोगों ने अपनी पीढ़ी खपा दी है। इसलिये भाजपा के कार्यकर्ताओं को अपने आपको गौरवान्वित महसूस करना चाहिए कि हम सभी मिलकर जो काम करते हैं, उसके कारण हम दुनिया के सबसे बड़े दल बने हैं।
इससे पूर्व पार्टी के प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि हमारा मानना है कि नेतृत्व करने वालों के पीछे कार्यकर्ताओं की बहुत बड़ी ताकत होती है। उन्होंने बूथ के कार्यकर्ताओं को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाने का आहृान करते हुये कहा कि हमें इस प्रकार से काम करना चाहिए जिससे हमारे बूथ पर कोई भी ऐसा घर न हो, जहां पार्टी के लोग न हों। उन्होंने कहा कि आज का युग परिवर्तन का युग है। जो अपने आपको अपडेट नहीं करते हैं, वे आउटडेट हो जाते हैं। देश में बड़े-बड़े राजनीतिक दल परिवार की पार्टी बनकर समाप्त होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हम भव्य राम मंदिर तो बना ही रहे हैं, अब हमें भारत को भव्य बनाना है। हम सर्वे भवन्तु सुखिन: की बात करने वाले लोग हैं। आज भारत को दुनिया को सिखाने वाला और देने वाला देश बनाना है तो अपने बूथ को और अधिक मजबूत बनाकर भाजपा को मजबूत करना होगा।
इस अवसर पर मंच पर संभागीय संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा, सांसद शंकर लालवानी, प्रदेश सरकार के मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, पूर्व मंत्री महेन्द्र हार्डिया, सुदर्शन गुप्ता, मधु वर्मा उपस्थित थे।
बैठक में वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, बाबू सिंह रघुवंशी सहित 28 मण्डल के पदाधिकारियों, 2244 बूथ के बूथ अध्यक्षों, प्रभारियों और 85 वार्डों के वार्ड प्रभारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन मनदीपसिंह बाजवा ने किया और आभार निरंजनसिंह चौहान ने माना।









