नई दिल्ली : भारत की सितारा बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने टोक्यो ओलिम्पिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह ओलिम्पिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बन गई है। सिंधु फाइनल में पहुंचने से चूक गई थी पर कांस्य पदक के लिए खेले गए मैच में उन्होंने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए चीनी खिलाड़ी को शिकस्त दे दी। सिंधु इसके पूर्व रियो ओलिम्पिक में रजत पदक जीत चुकी है।
चीन की बिंग जिआओ को हराया।
कांस्य पदक के लिए खेले गए मुकाबले में सिंधु ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने चीन की बिंग जिआओ को 21- 13, 21- 15 से शिकस्त देते हुए कांस्य पर कब्जा जमा लिया।
बता दें कि सिंधु ताई यू यिंग से सेमीफाइनल में हार गई थीं। इसके चलते वह फाइनल में नहीं पहुंच पाई लेकिन कांस्य पदक जीतकर उन्होंने भारत को दूसरा पदक जरूर दिला दिया। भारत को टोक्यो ओलिम्पिक में पहला पदक वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू ने दिलाया था। उन्होंने रजत पदक जीता था।