केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने 5 करोड़ 50 लाख के सिविल अस्पताल का लोकार्पण किया।
सांवेर में स्वास्थ सेवाओं का विस्तार, सर्जरी सुविधा के साथ, स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी उपलध होंगे।
इंदौर : इंदौर जिले की सांवेर विधानसभा में गुरुवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 5 करोड़ 50 लाख रूपये लागत से निर्मित सिविल अस्पताल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, आईडीए के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, विधायक मनोज चौधरी, पूर्व विधायक राजेश सोनकर, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, आईडीए के पूर्व अध्यक्ष मधु वर्मा और अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहे।
50 बिस्तरों का यह सिविल अस्पताल इससे पूर्व सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के रूप में संचालित होता था। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सिविल अस्पताल का लोकार्पण पूजन, शिलालेख के अनावरण और फीता काटकर किया। इसके बाद सिंधिया व अन्य अतिथियों ने अस्पताल का अवलोकन भी किया।
सांवेर को विकास के हर क्षेत्र में आगे रखेंगे।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आपने चुनाव के समय हमारी बात को माना था। अब सांवेर की जनता का कर्ज उतारने की बारी हमारी है। सांवेर अब विकास की राह में पीछे नहीं रहेगा। प्रदेश में सांवेर को विकास के हर क्षेत्र में आगे रखा जाएगा। यहां आज विकास का सूर्य उदय हो रहा है। जिस मकसद के साथ हम निकले थे, उसी मार्ग पर आगे बढ़ते हुए जनता को सभी सुविधाएं मुहैया कराएंगे।
विकास के शहीदों के सपने को साकार कर रहें हैं।
आजादी के समय दिए गए बलिदानों को याद करते हुए सिंधिया ने कहा कि विश्व में सिरमौर भारत का सपना संजोते हुए अमर शहीदों ने जो बलिदान दिया था, उनकी सोच और परिकल्पना को चरितार्थ करने के लिए हम सब साथ खड़े हैं। विकास का जो सपना हमारे क्रांतिकारियों ने देखा था, उसी भारत के निर्माण के लिए गांव-गांव में अलख जगा रहे है। आज विकास की नई गाथाएं लिखी जा रही है। सड़को का जाल पूरे प्रदेश में बिछा हुआ है। सिंचाई के लिए पानी और बिजली लगातार उपलब्ध हो रही है। शिक्षा के लिए अच्छा माहौल बना हुआ है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि सांवेर को सिविल अस्पताल की सौगात से सबको लाभ मिलेगा। शिक्षा और स्वास्थ के क्षेत्र में विकास से युवा पीढ़ी को नए आयाम मिल रहे हैं। आज भारत में विकास को नई रफ्तार मिल रही है। उसकी गति लगातार बढ़ रही है, आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। अभी हम ब्रिटेन से आगे हैं और अभी विश्व में 5 वे नंबर पर हैं। जनता को अच्छी सरकार देने के वादे को पूरा किया जा रहा है।
सांवेर की जनता से किए वादे पूरे करने के लिए हम संकल्पित।
सिंधिया ने कहा कि सांवेर की जनता से जो भी वादा किया गया था, उसको पूरा करने के लिए हम कृत संकल्पित है। 3 हजार करोड़ रूपये की सिंचाई परियोजना मंजूर की गई है। सांवेर और मालवा की फसल अंतरराष्ट्रीय स्तर की होती है। इसकी डिमांड हर जगह है। इसके लिए यह सिंचाई परियोजना वरदान साबित होंगी। जो वादा किया था, उसको पूरा करने के लिए सबके साथ आगे बढ़ रहे हैं।
चुनाव के समय की घोषणा को पूरा किया है।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि सांवेर को स्वास्थ के क्षेत्र में सिविल अस्पताल के रूप में बड़ी सौगात मिली है। आज सांवेर में 50 बिस्तर का सर्वसुविधा युक्त अस्पताल प्रारंभ हो रहा है, इंदौर जैसी सुविधा अब सांवेर में मिलेंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव के समय घोषणा की थी, उस घोषणा को पूरा करने के लिए आज ज्योतिरादित्य सिंधिया आए है।सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संयुक्त जिम्मेदारी लेकर सांवेर के विकास की घोषणा की थी, जिससे आज सांवेर का विकास संभव हुआ है। मंत्री सिलावट ने कहा की शिक्षा के क्षेत्र में भी हमने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सांवेर के महाविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई भी शुरू हो गयी है। सांवेर में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है।100 से अधिक सड़कों का उन्नयन और नव निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि सांवेर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा लगातार बढ़ रही है। सांवेर को पंजाब के स्तर पर खड़ा करने के प्रण को पूरा किया जा रहा है। नर्मदा का जल गांवों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गयी है।
जल जीवन मिशन से घर – घर पहुंचा रहें पानी।
सिलावट ने बताया की सांवेर विधानसभा क्षेत्र में 149 करोड़ रूपये की लागत से 200 से अधिक गांवों में जल जीवन मिशन के जरिए घर-घर पानी उपलब्ध कराया जा रहा हैं। सांवेर विधानसभा क्षेत्र में सबको विकास की अवधारणा से जोड़ा जा रहा है और जनता को इससे लाभ मिल रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश में स्वास्य्थ सुविधाओं में निरंतर सुधार हुआ है। प्रदेश में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। एक हजार से अधिक स्वास्थ्य संस्थाओं को उन्नत किया गया है।
सिंधिया ने हवाई सेवाओं का किया विस्तार।
सांसद शंकर लालवानी ने अपने संबोधन में कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के कुशल मार्गदर्शन में देश में हवाई-सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि आज ही इंदौर हवाई-अड्डों में घूंघट लिए महिलाओं को तीर्थ-यात्रा के लिये जाते देखा। यह एक सुखद बदलाव है।