जनता का लोकतंत्र में भरोसा बनाएं रखना बड़ी चुनौती : बिरला

  
Last Updated:  July 10, 2024 " 07:59 pm"

सदन की बात – लोकसभा अध्यक्ष के साथ।

इंदौर ने पर्यावरण संरक्षण के साथ ही कार्बन उर्त्सन के लिये बेहतर कार्य किया है- लोकसभा अध्यक्ष बिरला।

इंदौर शहर जनभागीदारी का उत्कृष्ठ मॉडल है- महापौर।

इंदौर : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इंदौर प्रवास के दौरान नगर निगम के अटल सदन में पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सभापति मुन्नालाल यादव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, पूर्व महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया, भाजपा नगराध्यक्ष गौरव रणदिवे, महापौर परिषद केसदस्य, नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे और बडी संख्या मे पार्षदगण व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर महापौर भार्गव द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पुष्यगुच्छ, मोमेंटो व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी नंदकिशोर पहाडिया द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में पार्षदों व अन्य जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि लोकसभा में लोकतांत्रिक परम्पराओ के अनुरूप विचार-विमर्श, बहस और सहमति – असहमति के बीच बेहतर निर्णय लिया जाता है। विश्व में भारत के लोकतंत्र को सशक्त लोकतंत्र माना जाता है।

जनता का लोकतंत्र में विश्वास बनाए रखना बड़ी चुनौती।

उन्होने कहा कि लोकतंत्र में नगर निगम, नगरीय निकाय, परिषद, पंचायत, जिला परिषद के पार्षदों, पंच सरपंचों का आमजन के साथ सीधा संपर्क रहता है, इससे उनकी जवाबदेही भी बढती है। लोकसभा अध्यक्ष ने पार्षदों से कहा कि जितनी जवाबदारी आपकी है उतनी ही अपेक्षा व आकांक्षाएं जनता को आप से होती हैं।उन्हे किस प्रकार से पुरा किया जाए ताकि शहर विकास के साथ ही जानता का लोकतंत्र में विश्वास बना रहे यह बडी चुनौती है।

हरियाली व कार्बन उत्सर्जन में भी इंदौर नंबर वन बनें।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाकर पूरे देश में अपनी प्रतिष्ठा बनाई है, यह इंदौर के लिये गौरव का विषय है कि उसकी कार्यप्रणाली और अनुभव को देश के अन्य शहरों ने अपनाया है। उन्होंने कहा, जिस प्रकार से इंदौर ने स्वच्छता पर काम किया है उसी प्रकार हरियाली व पर्यावरण पर कार्य करते हुए, 51 लाख से अधिक पौधरोपण करने जा रहा है, मुझे विश्वास है कि इंदौर कार्बन उत्सर्जन में भी नंबर वन बनेगा। उन्होने कहा कि नगर निगम इंदौर ने पर्यावरण संरक्षण व कार्बन उत्सर्जन के लिए अच्छा कार्य प्रारम्भ किया है, इसे लक्ष्य बनाते हुए, कार्य करे। इंदौर मार्गदर्शन का केन्द्र है, और उसी आधार पर इंदौर को कार्य करना आवश्यक है।

निगम परिषद के संचालन को लेकर मार्गदर्शन देते हुए लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में किस प्रकार से संवाद किया जाए, किस प्रकार से कार्य किया जाए, किस तरह से जनता की समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर व उच्च स्तर की डिबेट की जाए इसके टिप्स दिए।उन्होंने कहा कि सदन में प्रश्नकाल, शून्यकाल के दौरान जनता से जुड़े प्रश्न उठाए जाएं और सत्ता पक्ष भी उसका संतोषजनक जवाब दें। सफाई, पेयजल, सीवरेज, विकास कार्यो पर सार्थक डिबेट हो ताकि आमजन को इसका लाभ मिले।

जलवायु परिवर्तन हो मुख्य एजेंडा।

उन्होने कहा कि आज के समय में जलवायु परिवर्तन मुख्य एजेंडा होना चाहिये, इस महत्वपूर्ण एजेंडे के साथ आने वाली चुनौतियों का सामना करते हुए, हमें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करना चाहिए।

जलूद में सोलर प्लांट लगाने की सराहना की।

लोकसभाध्यक्ष ने पर्यावरण संरक्षण के क्रम में इंदौर नगर निगम द्वारा जलूद में लगाए जा रहे सोलर प्लांट की सराहना की। उन्होंने कहा कि सोलर प्लांट के लिए पब्लिक इशु लाने वाला इंदौर नगर निगम देश का पहला निकाय बना है,इसके लिए महापौर व उनके साथी बधाई के पात्र हैं।

लोकसभा का संचालन पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से करते हैं ओम बिरला।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जिस भी क्षेत्र में जाते है, उस क्षेत्र की अच्छी खासी जानकारी रखते हैं। मैने उनसे बहुत कुछ सीखा है। लोकसभा का संचालन वे पूरी गंभीरता, न्यायप्रियता और निष्पक्षता से करते हैं। सभी को बोलने का मौका देते हैं।उन्होने कहा कि लोकसभा की तर्ज पर नगर निगमों में भी डिबेट के समय किस प्रकार का व्यवहार रखना चाहिये, किस प्रकार सदन में अपनी बात रखी जाए, इसकी जानकारी सदस्यों को दी जानी चाहिए। सदन की सुंदरता वहां होने वाली शानदार डिबेट से होती है।

संसदीय परंपराओं की जानकारी देने भेजें संसद का दल।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने देश की सर्वोच्च सदन के अध्यक्ष ओम बिरला का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हम सभी को फ्रीडम ऑफ स्पीच के तहत जो मौलिक अधिकार मिला है, उस अधिकार का सदन में बेहतर व संविधान की गरिमा अनुसार निवर्हन करना भी हमारा कर्तव्य है। महापौर भार्गव ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अनुरोध किया कि देश के सर्वोच्च सदन को जिस प्रकार गरिमामय, परम्परा व संविधान के अनुसार चलाया जाता है, उसी तरह से इंदौर की निगम परिषद को चलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देने के लिये संसदीय विशेषज्ञों को इंदौर भेजे, ताकि निगम परिषद के संचालन को सुगमता से किया जा सके।

नए सांसदों को बोलने का पूरा मौका देते हैं लोकसभाध्यक्ष बिरला।

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन में विगत 5 वर्षो से पक्ष-विपक्ष के सांसदों की उपस्थिति में लोकसभा में बेहतर माहौल में चर्चा होती आई है। लोकसभा अध्यक्ष की खासियत है कि वे नये सांसदो को भी सदन में बोलने का पूरा मौका देते हैं।
ओम बिरला ने सदन की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओ में नई परम्परा और नया इतिहास बनाया है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *