यूनेस्को की धरोहर सूची में इंदौर की गेर को स्थान दिलाने की होगी कोशिश

  
Last Updated:  March 7, 2023 " 09:00 pm"

इंदौर की गेर को लेकर होगी फोटोग्राफी प्रतियोगिता।

12 मार्च को इंदौर होगा रंगों से सराबोर।

शहर में निकलेंगी रंगारंग गेर।

तैयारियों को लेकर संपन्न हुई बैठक।

इन्दौर : इंदौर में रंगों का पर्व रंगपंचमी 12 मार्च को मनाई जाएगी। इस दिन पूरा शहर रंगों से सराबोर होगा। परम्परागत रूप से निकाली जाने वाली इंदौर की गेर को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए एक बार फिर प्रयास किए जाएंगे। इस संबंध में पूर्ण दस्तावेजों के साथ पुख्ता प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाएगा। दस्तावेजी करण के लिए विभिन्न माध्यमों से दस्तावेज एकत्र किए जाएंगे। गेर को लेकर फोटोग्राफी प्रतियोगिता इंदौर टूरिज्म प्रमोशनल काउंसिल के माध्यम से आयोजित की जाएगी।

गेर संबंधी व्यवस्थाओं के लिए मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में गेर आयोजकों की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र, कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनीष कपूरिया, एडीएम अजयदेव शर्मा तथा अभय बेडे़कर सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में गेर की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गयी। गेर आयोजकों से उनके सुझाव भी लिए गए। बताया गया कि शहर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रंगपंचमी पर गेर निकलेंगी। यह गेर अपने पंरपरागत मार्गों से निकाली जाएगी।

विभिन्न स्थानों से निकलेगी गेर, फाग यात्राएं।

बताया गया कि रंगपंचमी पर टोरी कार्नर महोत्सव समिति, संगम कार्नर, मॉरल क्लब, रसिया कार्नर, राधाकृष्ण फाग यात्रा, श्री कृष्ण फाग यात्रा, संस्था संस्कार, बाणेश्वर समिति, माधव फाग यात्रा आदि द्वारा गेर/फाग यात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा अन्य संस्थाओं द्वारा भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रंगारंग गेर निकाली जाएंगी।

दस्तावेज सहित प्रस्ताव तैयार कर यूनेस्को भेजेंगे।

बैठक में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि इंदौर की परम्परागत गेर को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए एक बार फिर पुरजोर प्रयास किए जाएंगे। पुख्ता दस्तावेजों के साथ प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाएगा। उन्होंने आग्रह किया कि जिनके पास भी गेर के संबंध में दस्तावेज हो, वे कलेक्टर कार्यालय में जमा करा सकतें है। उन्होंने कहा कि इस बार दस्तावेजी करण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। फोटोग्राफ, वीडियो सहित अन्य दस्तावेजों का संग्रहण होगा।

गेर के आयोजक जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि बेहतर प्रबंधन के साथ गेर का आयोजन हो। आयोजक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। अनुशासन का पूरा ध्यान रखा जाये। वॉलेंटियर्स की सूची पुलिस दी जाये। उन्होंने निर्देश दिए कि राजबाड़ा, गोपाल मंदिर सहित अन्य प्रमुख भवनों के सौंदर्यीकरण के संरक्षण के लिए उन्हें अच्छे से कवर किया जाए। उन्होंने विद्युत सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खतरनाक भवनों को चिन्हित कर उन पर सूचना पटल लगाए जाएं।

अभद्रता बर्दाश्त नहीं होगी।

पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र ने बैठक में सुरक्षा व्यवस्था संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गेर के दौरान सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह प्रयास किए जाएं कि कोई भी व्यक्ति मदिरा या अन्य मादक पदार्थ पीकर गेर में शामिल नहीं हो। महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान किसी के साथ अभद्रता का व्यवहार नहीं हो। अन्यथा पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। इंदौर की गौरवशाली परम्परा को पूरी तरह कायम रखा जाए। बैठक में सभी संबंधित विभागों को बेरिकेटिंग, आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था, जल की उपलब्धता, मार्ग के दुरस्तीकरण आदि की जिम्मेदारियां सौपी गई।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *