श्रावण माह में बाणेश्वर कुंड पर शिव मंत्र का सामूहिक जाप

  
Last Updated:  August 3, 2025 " 11:27 pm"

ॐ नमः शिवाय के जाप से प्राप्त होती है भगवान भोलेनाथ की कृपा : आकाश विजयवर्गीय।

आकाश विजयवर्गीय के साथ सैकड़ों भक्तों द्वारा शिव मंत्रों के जाप से शिवमय हुआ मेला ग्राऊंड क्षेत्र।

इंदौर : देव से महादेव संस्था के मिशन अनासक्त के तहत श्रावण माह के चलते बाणगंगा स्थित मेला ग्राऊंड परिसर में रविवार, 03 अगस्त को ओम नम: शिवाय जाप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि दु:ख मुक्त परमानंदमय जीवन के लिए कैलाशपति शिव के गुणों को अपने जीवन में आत्मसात करना आवश्यक है। सर्वस्व के त्याग से ही मानव जीवन का कल्याण होता है और सुख शांति व समृद्धि प्राप्त होती है।

शिव है त्याग और कल्याण के देवता।

कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए शिवभक्तों को संबोधित करते हुए आकाश विजयवर्गीय ने आगे कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमें बाणेश्वर महादेव परिसर में ओम नम: शिवाय के जाप का अवसर प्राप्त हुआ। ओम नम: शिवाय के जाप से शिव कृपा प्राप्त होती है, मन एकाग्रचित्त होता है और मानव की मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। शिव भक्ति और ओम नम: शिवाय के जाप का प्रमुख उद्देश यह है कि सबसे पहले हम अपने कर्म पर ध्यान लगाएं। हमारी शिव आराधना कल्याण और संसार से मुक्ति के लिए है। हर-हर महादेव का अर्थ है प्रत्येक व्यक्ति महादेव है। आपको जो भी कर्म आनंद देता है उसको पूरी लगन के साथ करें। महादेव निर्गुण और निराकार है ओम नम: शिवाय के जाप से आप निर्गुण और निराकार होते जाओगे। अर्थात आपकी इच्छाओं का दमन होता चला जाएगा। शिवत्व की प्राप्ति और मुक्ति मानव जीवन का ध्येय होता है। अपने कर्म का चिंतन करते हुए यदि हम इस मंत्र का जाप करेंगे तो हम शिवमय हो जाएंगे।

सफाईमित्रों का किया गया सम्मान।

इस अवसर पर इंदौर शहर को आठवीं बार सफाई में नंबर वन बनाने वाली सफाई मित्र महिलाओं का पुष्प वर्षा और उपहार देकर सम्मान किया गया। आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि आज इंदौर की देश-दुनिया में जो छवि है वह इन सफाई मित्रों की वजह से है। इसलिए हम इनके आभारी है कि हम कहीं भी जाते हैं तो उस शहर के लोग इंदौर की तारीफ करते हैं।

शिव मंदिर में गूंजे शिव जाप के स्वर।

कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में भक्तगण शिव मंत्र के जाप के लिए पहुंचे। सामूहिक शिव मंत्र के जाप से समूचा वातावरण शिवमय हो गया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गण, भाजपा नेता रिषभ संतोष गौर, पार्षद शिवम यादव, पार्षद पराग कौशल सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद थे।

कार्यक्रम का आयोजन बाणेश्वर मेला समिति की ओऱ से किया गया था। कार्यक्रम में सुमधुर भजनों की प्रस्तुति के साथ लोकनर्तकों द्वारा सुंदर लोकनृत्य की प्रस्तुति भी दी गई।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *