इंदौर : वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों में फंसे प्रवासी भारतीय और छात्रों की घर वापसी का इंतजाम किया गया है। अभी तक हजारों भारतीयों को विशेष विमानों के जरिये भारत लाया गया है।
यूके से 93 यात्री पहुंचे इंदौर…
वंदे भारत मिशन के तहत ही इंदौर व आसपास के शहरों में रहने वाले करीब 93 यात्रियों को लेकर यूके ( ब्रिटेन) से उड़ा विमान रविवार सुबह इंदौर एयरपोर्ट पर उतरा। जिला प्रशासन और एयरपोर्ट प्रबन्धन ने यात्रियों की जांच के तमाम इंतजाम कर रखे थे।
एयरपोर्ट पर की गई स्क्रीनिंग।
यूके से यात्रियों के आगमन के मद्देनजर डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती एयरपोर्ट पर की गई थी। जैसे ही यात्री विमान से उतरकर लाउंज में पहुंचे, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाते हुए उन्हें कतारबद्ध कर हर यात्री की स्क्रीनिंग की गई। थर्मल गन से उनका टेम्प्रेचर चेक किया गया वहीं ऑक्सीमीटर के जरिये फेफड़ों में ऑक्सीजन की मात्रा नापी गई। तमाम यात्रियों की जानकारी भी इकठ्ठी की गई।
14 दिन रहेंगे क्वारनटाइन में..
यूके से आए सभी 93 यात्रियों की जांच के बाद उन्हें होटल ले जाया गया। 24 घंटे यहां ठहरने के बाद यात्री अपने- अपने शहरों के लिए रवाना होंगे। वहां उन्हें 14 दिनों के लिए क्वारनटाइन में रहना होगा। इंदौर के यात्री भी 14 दिनों तक क्वारनटाइन में रहेंगे। उसके बाद ही वे घर जा सकेंगे।








