इंदौर : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सतना विंध्य धरा की पुण्य भूमि का केंद्र है। हम पुरानी नींव पर नवीन निर्माण कर रहे हैं। संस्कार और परम्पराओं को सहेजते हुए यह नवनिर्माण सतना को आधुनिक रूप देगा। शीघ्र ही विकास की एक पूरी योजना लेकर वे सतना आएंगे और इसकी रूपरेखा जनता से साझा करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सतना में नवनिर्मित फ़्लाई ओवर का वर्चुअली लोकार्पण करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री चौहान ने इंदौर से इस नवनिर्मित पुल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, राज्यमंत्री ओ.पी.एस. भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विगत वर्षों में सतना को मेडिकल कॉलेज सहित अनेक उपलब्धियां हासिल हुई हैं। यह उपलब्धियां सतना के सांसद, विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधियों और आम जनता की जागरुकता से हासिल हुई हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि वे स्वयं सतना आकर इस पुल का लोकार्पण करें। भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी के जन्मदिन के कारण शनिवार का दिन लोकार्पण के लिए चुना गया है। मुख्यमंत्री चौहान ने जन प्रतिनिधियों के माँग पर लोकार्पित पुल का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने की घोषणा भी की।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि इस फ्लाई ओवर की लम्बाई 1164 मीटर है। इसकी चौड़ाई रीवा से पन्ना तरफ 12.90 मीटर तथा बिड़ला रोड तरफ 8.40 मीटर है। सर्विस मार्ग की लंबाई दोनों तरफ मिलाकर 2690 मीटर है। सतना शहर में सेमरिया चौराहा अतिव्यस्त चौराहों में से एक है। इसके चलते आए दिन जाम की स्थिति निर्मित होती थी। फ्लाय ओवर निर्माण से सतना शहर में सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात सुनिश्चित होगा।
सतना में नवनिर्मित फ्लाईओवर का सीएम शिवराज ने वर्चुअली किया लोकार्पण
Last Updated: December 26, 2021 " 02:29 pm"
Facebook Comments