आईडीए संचालक मंडल की बैठक में 331 करोड़ के निर्माण कार्यों को दी गई स्वीकृति

  
Last Updated:  December 24, 2022 " 11:30 pm"

फूटी कोठी फ्लाईओवर को मिली हरी झंडी।

लता मंगेशकर के नाम होगा राजेंद्र नगर स्थित ऑडिटोरियम।

योजना क्रमांक 166 में विकास कार्यों को दी गई स्वीकृति।

इंदौर: आईडीए बोर्ड की शनिवार को संपन्न हुई बैठक में 331 करोड़ के निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी गई। बैठक की अध्यक्षता आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने की। कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी, निगमायुक्त प्रतिभा पाल, टी एंड सीपी के संयुक्त संचालक एसके मुदगल, पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालक निदेशक पुनीत दुबे, पीएचई के अधीक्षण यंत्री अजय श्रीवास्तव और आईडीए सीईओ आरपी अहिरवार बैठक में मौजूद रहे।

इन प्रस्तावों को दी गई स्वीकृति।

आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने बताया कि बोर्ड बैठक में निम्नलिखित प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

फूटी कोठी फ्लाईओवर की निविदा को स्वीकृति दी गई। इसके लिए 48.89 करोड़ रूपए की न्यूनतम निविदा मंजूर की गई।

राजेंद्र नगर स्थित ऑडिटोरियम का नामकरण स्वर कोकिला स्व. लता मंगेशकर के नाम होगा।साउंड सिस्टम सहित बचे हुए कार्य जल्द पूरे होंगे। इसके लिए 9 करोड़ 93 लाख 74 हजार रुपए की न्यूनतम निविदा स्वीकृत की गई।

बॉम्बे हॉस्पिटल से तुलसी नगर तक बनाई जा रही सड़क अब एडवांस एकेडमी तक बनेगी। इस पर 4 करोड़ 19 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा प्रकाश व्यवस्था के लिए भी 1 करोड़ 86 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई।

योजना क्रमांक 140 में युवा उद्यमियों के लिए बनाए जा रहे इंक्यूबेशन सेंटर में आंतरिक सजावट आईडीए करेगा। इसके लिए 2 करोड़ 66 लाख रुपए की न्यूनतम निविदा को मंजूर किया गया।

टीपीएस के विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। योजना क्रमांक 166(मेडिकल हब) में निर्माण कार्यों को हरी झंडी दी गई है। इसके लिए 24 करोड़ 03 लाख के टेंडर को मंजूर किया गया। यहां विकास कार्य होने से बड़ी संख्या में आवासीय भूखंड उपलब्ध हो सकेंगे।

आम लोगों से आवेदन पर लिया जाने वाला 10 प्रतिशत सर्विस चार्ज समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

योजना क्रमांक – 78 प्रथम, फेज-2 औद्योगिक में 18 भूखंडों में से 10 भूखंडों के लिए प्राप्त निविदाओं में अधिकतम निविदादाता की निविदा स्वीकृत की गई।

टीपीएस -3 के तहत 30 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण कार्य हेतु 8 करोड़ की न्यूनतम निविदा को मंजूरी दी गई।इसी के साथ 18,24,60 और 75 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान की सड़कों के निर्माण हेतु 21 करोड़ की न्यूनतम निविदा को हरी झंडी दी गई।

टीपीएस – 8 के तहत ग्राम भौरासला, कुमेडी और भांग्या में एम आर – 12 पर मुख्य कैरेज वे के निर्माण हेतु 10.07 करोड़ की निविदा स्वीकृत की गई।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *