आरएसएस के मालवा प्रांत की तीन दिवसीय बैठक में कई विषयों पर हो रहा मंथन

  
Last Updated:  August 6, 2022 " 07:28 pm"

रतलाम : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की मालवा प्रांत की तीन दिवसीय प्रांत बैठक रतलाम में शुक्रवार से प्रारंभ हुई।
बैठक में मालवा प्रांत में संघ की दृष्टि से महत्वपूर्ण विषयों जैसे  कार्य-विस्तार , मिलन-मण्डली, कुटुंब-प्रबोधन और संघ के शताब्दी वर्ष में संघ के कार्य को प्रत्येक ग्राम तक पहुँचाने की योजना पर विचार-मंथन किया जा रहा है।
बैठक के उद्घाटन सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए क्षेत्र-प्रचारक दीपक विस्पुते ने स्वराज प्राप्ति के अमृत महोत्सव में ‘स्व’ के बोध जागरण में संघ के कार्यकर्ताओं की सहभागिता की सराहना की। स्वतंत्रता आंदोलन में देश के सभी वर्गों के योगदान को स्वयसेवकं समाज के बीच लेकर गए। स्वराज प्राप्ति हेतु इतिहास में विस्मृत करा दिए गए क्रांतिकारियों की बलिदान गाथा को पुनर्स्थापित करने का पुनीत कार्य संघ ने किया। स्वराज अमृत-महोत्सव समाप्ति पर संघ स्वभाषा, स्वभूषा, स्वावलंबन, देशज शिक्षा एवं चिकित्सा पद्धति आदि पर जोर देते हुए जन जागरण अभियान चलाएगा।

राष्ट्र भाव के जागरण हेतु संघ के कार्यकर्ता हर घर तिरंगा अभियान सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने वृहद संपर्क, मोहल्ला, ग्राम बैठकें, समाज व प्रबुद्ध जन बैठकों का आयोजन किया जाएगा। घुमन्तू समाज, जनजातीय ग्रामों व शहरी सेवा बस्तियों में तिरंगा वितरण व राष्ट्र गान का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

संघ स्थापना के शताब्दी वर्ष में शाखा, मिलन एवं मंडलियों के माध्यम से देश के हर गाँव तक संघ के कार्य को ले जाने का संघ ने संकल्प लिया है। संघ के कार्यकर्ता सद्भाव बैठकों एवं सामाजिक सम्पर्क द्वारा सामाजिक समरसता निर्माण के कार्य में लगे हैं। हमारे जीवन मूल्यों का संरक्षण और सामाजिक विकृतियों के समाधान हेतु कुटुंब-प्रबोधन द्वारा हमारी परिवार व्यवस्था को पुष्ट करने का कार्य संघ कर रहा है।
प्रकृति में परमात्मा के दर्शन करने वाली हमारी संस्कृति है। पर्यावरण संरक्षण एवं परिवर्धन में प्रत्येक भारतवासी की भूमिका है, संघ के कार्यकर्ता अपने पर्यावरण कार्य विभाग के माध्यम से बडी संख्या में समाज के सहयोग से पेड़ लगा रहे हैं। पानी के संवर्धन एवं प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण हेतु विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन संघ के कार्यकर्ता कर रहे हैं। हरित गृह एवं हरित मिलन जैसे कार्यक्रमों के द्वारा संघ के कार्यकर्ताओंं को पर्यावरण मित्र जीवन शैली अपनाने का आग्रह किया गया है।

बैठक से पूर्व मालवा प्रांत कार्यवाह शंभुप्रसाद गिरि ने स्वराज अमृत-महोत्सव के निमित स्वतंत्रता आंदोलन में मालवा-निमाड़ के योगदान एवं क्रांतिकारियों पर केन्द्रित चित्र-प्रदर्शनी का दीप-प्रज्जवलन कर उद्घाटन किया। प्रांत बैठक में मालवा प्रांत के सभी जिलों की जिला टोलियों सहित विभाग एवं प्रांत कार्यकारिणी के कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *