आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव

  
Last Updated:  April 18, 2024 " 01:56 am"

दर्शन, पूजन के लिए मंदिरों में लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता।

कई स्थानों से निकली शोभायात्राएं।

इंदौर : मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का अवतरण दिवस बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अयोध्या में राम लला की भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद आई इस रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर के राम व हनुमान मंदिरों के साथ अन्य तमाम मंदिरों में भी प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर हवन, पूजन, महाआरती और प्रसाद वितरण के आयोजन किए गए।

ठीक 12 बजे मनाया गया जन्मोत्सव।

प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की तैयारियां कई दिनों से की जा रही थी। राम मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई थी। राम दरबार को भी खूबसूरती के साथ सजाया गया था। एमजी रोड (कृष्णपुरा), साईनाथ कॉलोनी, राजेंद्र नगर सहित अन्य स्थानों पर स्थित श्रीराम मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन – पूजन के लिए लगी रही। लोगों ने परिवार सहित प्रभु श्रीराम का दर्शन लाभ लिया और घर – परिवार, समाज व देश, प्रदेश में खुशहाली की कामना की। दोपहर ठीक 12 बजे प्रभु श्रीराम के अवतरण की खुशियां मनाई गई। घंटे – घड़ियाल बजाए गए और प्रभु श्रीराम का पूजन कर महाआरती की गई। बड़ी तादाद में लोगों ने महाआरती में शिरकत कर पुण्य लाभ लिया।

कृष्णपुरा एमजी रोड स्थित राम मंदिर में प्रभु श्रीराम का दर्शन लाभ लेने के लिए दिनभर लोगों का तांता लगा रहा। ठीक 12 बजे प्रभु श्रीराम के अवतरण की खुशियां मनाते हुए महाआरती की गई। बाद में प्रसाद वितरण किया गया।

उधर साईनाथ कॉलोनी स्थित राम मंदिर में भी रामनवमी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर भजन, पूजन और महाआरती के आयोजन किए गए। बाद में प्रसाद वितरण किया गया। इसी तरह राजेंद्र नगर व अन्य राम मंदिरों में भी प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की खुशियां धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर कई स्थानों से शोभायात्राएं भी निकाली गई।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *