यह चुनाव इंदौर का भविष्य तय करेगा – कमलनाथ

  
Last Updated:  June 15, 2022 " 05:51 pm"

इंदौर : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का कहना है कि नगर की सरकार का ये चुनाव इंदौर का भविष्य तय करेगा। उन्हें इंदौर की चिंता है, इसीलिए नगरीय निकायों के चुनाव प्रचार का आगाज वे यहां से कर रहे हैं। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सरकार भ्रष्टाचार के कीर्तिमान बना रही है। शिवराज घोषणावीर मुख्यमंत्री हैं, वे जहां नदी न हों वहां भी पुल की घोषणा कर देते हैं। युवाओं में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। कानून – व्यवस्था चरमरा रही है। प्रदेश में कोई निवेश नहीं करना चाहता क्योंकि उन्हें प्रदेश की शिवराज सरकार पर भरोसा नहीं है। कमलनाथ बुधवार को शहर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन के सामने, इंदौर से कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला के समर्थन में सभा को संबोधित कर रहे थे।नामांकन रैली के पूर्व यह सभा आयोजित की गई थी।

मेट्रो के लिए फंडिंग की व्यवस्था मैने की।

कमलनाथ ने कहा कि जब बाबूलाल गौर प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री थे, तब प्रदेश सरकार के पास इंदौर में मेट्रो की डीपीआर बनाने तक के पैसे नहीं थे। तब केंद्रीय मंत्री रहते उन्होंने प्रदेश सरकार को फंड उपलब्ध कराया था पर उसका श्रेय कभी नहीं लिया। शहरी विकास परियोजनाओं के लिए भी उन्होंने वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराए थे।

जहां नदी न हो, वहां भी पुल की घोषणा कर देते हैं शिवराज।

कमलनाथ ने सीएम शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि वे झूठी घोषणाएं करने में माहिर हैं। अब तक वे 20 हजार से ज्यादा झूठी घोषणाएं कर चुके हैं। कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि शिवराज सिंह जहां नदी न हो वहां भी पुल की घोषणा कर देते हैं।

निवेशकों को बीजेपी सरकार पर भरोसा नहीं।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा की मप्र में बेरोजगारी सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। युवा देश और प्रदेश का भविष्य हैं पर वे दर – दर भटकने को मजबूर हैं। दरअसल, प्रदेश में निवेश आएगा तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे लेकिन निवेशकों को मप्र की शिवराज सरकार पर भरोसा नहीं है, क्योंकि यहां लालफीताशाही हावी है। बिना लिए – दिए कोई काम होता नहीं है। यही कारण है कि शिवराज सरकार ने एमओयूं तो ढेरों साइन किए पर निवेश करने कोई नहीं आया।

27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा की उन्हें विरासत में बदहाल प्रदेश मिला था। बावजूद इसके उन्होंने अथक प्रयास करते हुए 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, माफिया और मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया। गरीब युवतियों के विवाह के लिए बड़ी धनराशि देने का प्रावधान किया। एक रूपए यूनिट में 100 यूनिट बिजली दी पर सौदेबाजी कर उनकी सरकार गिरा दी गई।

इंदौर का भविष्य तय करेगा महापौर का चुनाव।

कमलनाथ ने कहा की नगर निगम का यह चुनाव इंदौर का भविष्य तय करेगा, इंदौर से निकला संदेश दूर तक जाएगा।इंदौर के लोग जागरूक हैं, उन्हें उम्मीद है वे सच्चाई का साथ देंगे और समाजसेवी संजय शुक्ला को विजयी बनाएंगे।

पीली गैंग का आतंक खत्म करना है।

इसके पूर्व कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वे जनता के हितों की लड़ाई लड़ने में सदैव आगे रहे हैं। पीली गैंग के आतंक से आम जनता, व्यापारी, गरीब ठेलेवाले, मजदूर सभी परेशान हैं। इस आतंक को खत्म करने के लिए वे महापौर का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा की नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया है, नक्शे पास करवाने के लिए लाखों रूपए मांगे जा रहे हैं। वे इस सिस्टम को दुरुस्त करना चाहते हैं।

मंच पर कमलनाथ के साथ पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विजया लक्ष्मी साधौ, कांतिलाल भूरिया, विनय बाकलीवाल, अश्विन जोशी, विक्रांत भूरिया, राजेश चौकसे सहित अन्य स्थानीय नेता और महिला नेत्रियां मौजूद रहीं। सभा में कार्यकर्ताओं में उत्साह तो दिखाई दिया पर संख्या अपेक्षाकृत कम रही।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *