इंदौर जिले की 108 ग्राम पंचायतों और 19 वार्डों तक पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा

  
Last Updated:  December 30, 2023 " 01:58 pm"

एक लाख 16 हजार लोगों ने लिया आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी का संकल्प।

इंदौर : विकसित भारत संकल्प यात्रा के रूप में पूरे प्रदेश सहित इंदौर जिले में एक परिवर्तनकारी अभियान चल रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा, आशा का एक जीवंत कारवां है। मध्यप्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत 16 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई थी। इस यात्रा का उद्देश्य विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में नागरिकों के बीच जागरूकता पैदा करना और योजनाओं के शत-प्रतिशत संतृप्ति के लिए जनभागीदारी को सुनिश्चित करना है।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के प्रारंभ से वर्तमान तक इंदौर जिले के अनेक हितग्राहियों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा चुका है। यह यात्रा अभी तक इंदौर जिले की 108 ग्राम पंचायतों तथा 19 वार्डों तक पहुंच चुकी है। लगभग एक लाख 91 हजार लोग इस यात्रा में शामिल हो चुके हैं। स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से 23 हजार 500 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। यात्रा के दौरान एक लाख 16 हजार लोगों ने आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी का संकल्प भी लिया है। लगभग 4 हजार हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जिले की 107 ग्राम पंचायतें ऐसी हैं, जहां शत-प्रतिशत हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बन गए हैं।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित किए जा रहे संस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से 4 हजार 700 महिलाएं एवं 2 हजार 300 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया है। इसी तरह स्थानीय खिलाड़ियों एवं कलाकारों को भी पुरस्कृत किया जा रहा है। जिले की 106 ग्राम पंचायतों में भूमि रिकॉर्ड के शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कर दिया गया है। विभिन्न योजनाओं का लाभ आम जनों तक पहुंचाया जा रहा है। आने वाले दिनों में विकसित भारत संकल्प यात्रा जिले के हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें प्रदान करने का प्रयास करेगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *