इंदौर प्रेस क्लब के स्थापना दिवस पर व्याख्यान के साथ बुजुर्ग पत्रकारों का होगा सम्मान

  
Last Updated:  April 8, 2022 " 02:52 pm"

इंदौर प्रेस क्लब के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश

स्व. राजेन्द्र माथुर की पुण्यतिथि पर होगा माल्यार्पण, होगा व्याख्यान।

इंदौर। मीडियाकर्मियों की देश की प्रतिष्ठित संस्था इंदौर प्रेस क्लब का 60वां स्थापना दिवस शनिवार, 9 अप्रैल 2022,को मनाया जाएगा। इस दिन देश के मूर्धन्य पत्रकार, इंदौर प्रेस क्लब संस्थापक और पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र माथुर का पुण्य स्मरण दिवस भी है। शनिवार को सभी मीडिया के साथी पलासिया चौराहा स्थित स्व. राजेन्द्र माथुर की प्रतिमा पर सुबह 8 बजे माल्यार्पण करेंगे।

जाल सभागृह में होगा मुख्य कार्यक्रम।

इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने बताया कि स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम शाम 6 बजे जाल सभागृह में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री आलोक मेहता करेंगे।

राजेन्द्र माथुर स्मृति व्याख्यान।

अरविन्द तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान राजेंद्र माथुर स्मृति व्याख्यान में इस बार ‘सोशल मीडिया के दौर में प्रिंट मीडिया कैसे बचाए अपना वजूद’ विषय पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश व्याख्यान देंगे। विषय प्रवर्तन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हिमांशु द्विवेदी करेंगे।

50 वर्ष पत्रकारिता को देने वाले पत्रकारों का सम्मान।

अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने बताया कि इंदौर प्रेस क्लब के कौस्तुभ जंयती वर्ष में आयोजित समारोह में एक स्वर्णिम अध्याय इस वर्ष जुडऩे जा रहा है। इसी समारोह में हम अपने उन वरिष्ठजनों का सम्मान करने जा रहे हैं, जिन्होंने पत्रकारिता के पांच दशक पूर्ण कर लिए हैं। पत्रकारिता की स्वर्णिम यात्रा पूर्ण कर चुके हमारे अग्रज न सिर्फ इंदौर बल्कि प्रदेश और देश के लिए भी गौरव के पात्र हैं। जिन वरिष्ठजनों का सम्मान होना है उनमें पद्मश्री अभय छजलानी, विमल झांजरी, कृष्णकुमार अष्ठाना, उमेश रेखे, महेश जोशी, श्रवण गर्ग, सुरेश ताम्रकर, रवीन्द्र शुक्ला, श्रीकृष्ण बेडेकर, ब्रजभूषण चतुर्वेदी, शशिकांत शुक्ल, बहादुरसिंह गेहलोत, विद्यानंद बाकरे, कृष्णचंद दुबे, चंद्रप्रकाश गुप्ता, सतीश जोशी, चंदू जैन, गजानंद वर्मा, दिलीप गुप्ते, विक्रम कुमार और मदनलाल बम शामिल हैं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *