इंदौर में झमाझम बारिश, सड़कें बनीं तालाब, कई बस्तियां हुई जलमग्न..!

  
Last Updated:  August 21, 2020 " 08:55 pm"

इंदौर : शुक्रवार शाम से हो रही धुआंधार बरसात ने समूचे शहर को पानी- पानी कर दिया है। सड़कें तालाब बन गई हैं। जगह- जगह जलभराव हो गया है। निचली बस्तियां जलमग्न होने से लोगों के घरों में पानी भर गया है। रातभर पानी बरसता रहा और शनिवार सुबह भी ये क्रम जारी है। मौसम की पहली अनवरत झड़ी ने नगर निगम की आपदा से निपटने की पूर्व तैयारियों की भी पोल खोल दी है। बताया जाता है कि शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में 5 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। हालांकि जिला प्रशासन और नगर निगम ने रात से ही मोर्चा संभाल लिया है। राहत और बचाव दलों को उन स्थानों पर तैनात कर दिया गया है जहां जलभराव के कारण लोगों के समक्ष परेशानी खड़ी हो गई है।

सड़कें हुई लबालब, जगह- जगह जलभराव।

शुक्रवार शाम 4 बजे बाद तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश ने देखते ही देखते मूसलाधार का रूप ले लिया था। बरसात इस तेजी से हो रही थी कि सड़कें लबालब हो गईं। इससे सड़कों पर वाहनों के आवागमन में बाधा आई। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। घरों को लौटते समय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश का दौर रात को और शनिवार सुबह भी अनवरत जारी रहा। इससे कई बस्तियां जलमग्न हो गई हैं। बाणगंगा के गोविंद नगर खारचा, टापू नगर, छोटा बांगड़दा सहित शहर और निगम सीमा में स्थित आसपास की बस्तियों में पानी भरने की शिकायतें मिली हैं। तुलसी नगर मेनरोड पर नाले की पुलिया का एक हिस्सा भी तेज बहाव में बह गया है।

कई स्थानों पर गिरे पेड़..

बारिश के साथ तेज हवा के कारण जयरामपुर कॉलोनी, स्कीम नम्बर 78 सहित शहर के अन्य स्थानों पर पेड़ गिरने की खबर मिली। इससे यातायात अवरुद्ध हुआ लेकिन किसी के हताहत होने का कोई समाचार नहीं है।

नगर निगम के अमले को किया अलर्ट।

मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम के अमले को अलर्ट कर दिया गया है। निगम कंट्रोल रूम और जोनल कार्यालयों को रातभर खुला रखने के साथ अलग- अलग दलों का गठन कर राहत व बचाव कार्य के लिए रवाना किया गया। निगमायुक्त प्रतिभा पाल खुद मॉनिटरिंग में जुट गई। सांसद शंकर लालवानी ने कलेक्टर मनीष सिंह, डीआईजी हरिनारायण चारी मिश्रा और अन्य अधिकारियों के साथ कंट्रोल रूम पहुंचे। निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने उन्हें हालात से अवगत कराया। बाद में श्री लालवानी ने अधिकारियों के साथ शहर का भृमण कर मुसीबत में फंसे लीगों को तुरंत मदद पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर मनीष सिंह ने तमाम प्रशासनिक अधिकारियों को मैदान में उतरकर राहत व बचाव कार्य में जुट जाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। होमगार्ड और एसडीआरएफ को भी अलर्ट मोड़ पर रखा गया है। कलेक्टर और निगमायुक्त पल- पल की जानकारी ले रहे हैं।

कई बार गुल हुई बिजली।

लगातार हो रही तेज बारिश से शहर में कई स्थानों पर लाइनों में फाल्ट हुआ और बिजली गुल हुई। रातभर विद्युत विभाग का मैदानी अमला बिजली सप्लाई में आई खराबी को दुरुस्त करने में जुटा रहा।

तालाब हुए लबालब, यशवंत सागर के सभी गेट खोले।

शुक्रवार शाम से हो रही अनवरत बारिश से शहर के सभी तालाब लबालब हो गए हैं। यशवंत सागर के सभी गेट खोल दिए गए हैं। आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है ताकि जान माल का नुकसान न हो।

दो- तीन दिन होती रहेगी बारिश।

बताया जाता है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से बारिश का यह दौर शुरू हुआ है। अगले दो- तीन दिनों तक बरसात का यह दौर जारी रह सकता है। बीते 24 घंटों में 5 इंच से ज्यादा बारिश होने के भी समाचार मिले हैं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *