इंदौर : संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने कहा है कि कोरोना का ख़तरा अभी समाप्त नहीं हुआ है। कोरोना वायरस के आरएनए में लगातार हो रहे बदलाव (म्यूटेशन) को दृष्टिगत रखते हुए चिकित्सा तंत्र को सक्रिय और अपडेट रखने के उद्देश्य से उन्होंने कोरोना के सौ सैंम्पल जीनोम परीक्षण हेतु इंदौर से नई दिल्ली भेजने के निर्देश दिए हैं।
संभागायुक्त डॉ. शर्मा शनिवार को एमजीएम मेडिकल पहुँचे। उन्होंने कॉलेज में बैठक लेकर इंदौर से कोरोना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। बैठक में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय दीक्षित सहित अन्य संबंधित चिकित्सक गण भी उपस्थित रहे।
बैठक में डॉ. सलिल साकल्ले ने विगत 6 दिवसों में जिले में आए कोरोना के नये मामलों की मैपिंग का डाटा प्रस्तुत किया। बैठक में रीइन्फेक्शन के केस एवं संक्रमित हो चुके व्यक्तियों में एन्टी बॉडी लेवल के बारे में भी विस्तार में चर्चा की गई। संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने जिले में वर्तमान में एक्टिव कोरोना केस में कितने सिम्टोमेटिक हैं, कितने होम आइसोलेशन में हैं तथा कितने व्यक्ति अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं, इसकी जानकारी एकत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को मास्क के प्रयोग हेतु जागरूक एवं प्रेरित करने के लिये प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिये। संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने कहा कि कोविड वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए हम सभी का सतर्क एवं सजग रहना आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। इसलिये सतर्कता, संयम एवं सहयोग-3एस के सिद्धांत का पालन अनिवार्य रूप से करते हुए सभी को मास्क एवं सैनेटाइजर का प्रयोग तथा सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन नियमित करते रहना चाहिए।
कोरोना के सौ सैम्पल जीनोम परीक्षण के लिए दिल्ली भेजने के संभागायुक्त ने दिए निर्देश।
Last Updated: February 21, 2021 " 04:14 am"
Facebook Comments









