इंदौर में 51लाख पेड़ – पौधे लगाने के अभियान की मुख्यमंत्री करेंगे लॉचिंग

  
Last Updated:  June 16, 2024 " 12:41 am"

रविवार को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगी लॉन्चिंग।

07 से 14 जुलाई तक चलेगा पौधारोपण अभियान।

एक दिन में 11लाख पौधे लगाने का बनेगा विश्व कीर्तिमान।

इंदौर : प्रधानमंत्री के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत देश में 140 करोड़ पेड़ – पौधे लगाने के आह्वान में इंदौर 51लाख पेड़ – पौधे लगाकर अपनी सक्रिय भागीदारी जताएगा। आगामी 07 से 14 जुलाई तक ये पेड़ – पौधे लगाए जाएंगे। इस दौरान एक दिन में 11 लाख पौधे लगाकर विश्व कीर्तिमान भी स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 16 जनवरी को इस वृहद पौधारोपण अभियान की विधिवत लॉन्चिंग करेंगे।

ये जानकारी नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दी। वे ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

पौधारोपण के लिए चिन्हित की गई जमीन।

मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि 07 से 14 जुलाई तक 51लाख पौधे लगाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। 65 जमीनों की तीन हजार लोकेशन चिन्हित की गई है, जहां पेड़ – पौधे लगाए जाना है। पौधारोपण के लिए गड्ढे खुदवाने के लिए 20 पोकलेन और 22 जेसीबी लगाई गई हैं। इसके अलावा 250 श्रमिकों की भी मदद ली जा रही है।

एक दिन में 11लाख पौधे लगाने का बनाएंगे विश्व कीर्तिमान।

मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि जनभागीदारी से चलाए जाने वाले विश्व के सबसे बड़े इस पौधारोपण अभियान में नगर निगम, आईडीए, जिला प्रशासन के साथ वन विभाग और प्रदेश सरकार के अन्य सभी विभाग अपनी भागीदारी निभाएंगे। इसके अलावा शहर के तमाम जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, औद्योगिक संगठन, रहवासी संघ और आम लोगों की सक्रिय सहभागिता इसमें सुनिश्चित की गई है। मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि एक हफ्ते तक चलने वाले इस महाभियान के दौरान सांवेर रोड स्थित रेवती रेंज में एक दिन में 11लाख पौधे रोपने का विश्व कीर्तिमान भी स्थापित किया जाएगा। इस कीर्तिमान को दर्ज करने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम को भी आमंत्रित किया गया है।

हर प्रजाति के पौधे लगाएंगे।

नगरीय प्रशासन मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि पौधारोपण अभियान के दौरान हर तरह के पेड़ – पौधों का रोपण किया जाएगा। पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। वन विभाग और नगर निगम के साथ कई संगठन भी पौधे उपलब्ध कराने आगे आए हैं।इसके अलावा अन्य राज्यों से भी पौधे बुलवाए गए हैं। पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल के लिए वॉलेंटियर के दल भी बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पौधों को जीवित रखने के लिए मियावाकी पद्धति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वीडियो फिल्मों के जरिए सोशल मीडिया के माध्यम से पौधे रोपने की सही तकनीक से भी लोगों को अवगत कराया जाएगा।

नंदानगर में हर गली होगी पेड़ों के नाम।

मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि नंदानगर की प्रत्येक गली में अलग प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। जिस प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे, उसी नाम से वह गली पहचानी जाएगी।जैसे आम गली, जाम गली, नीम गली आदि।

देपालपुर में लगेंगे एक लाख पेड़ – पौधे।

मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि देपालपुर में जिला प्रशासन स्थानीय नागरिकों और किसानों के सहयोग से एक लाख पेड़ पौधे लगाएगा।किसानों को फलदार पौधे नि:शुल्क प्रदान किए जाएंगे।

सीएम मोहन यादव करेंगे अभियान की लॉन्चिंग।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव पौधारोपण अभियान की रविवार, 16 जून को विधिवत लॉन्चिंग करेंगे। इस दौरान पौधारोपण अभियान को लेकर बनाए गए लोगो, स्लोगन, वीडियो और वेबसाइट की भी लॉन्चिंग होगी।

देश में 21 वे नंबर पर है इंदौर।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि इंदौर साढ़े नौ प्रतिशत हरियाली के साथ देश में 21 वे नंबर पर है। हमें इसे नंबर वन पर लाना है। जनभागीदारी से 51 लाख पौधे लगाकर हम इस दिशा में आगे कदम बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों के साथ बैठकें की गई हैं।इस अभियान को स्वच्छता मिशन की तर्ज पर चलाया जाएगा।

प्रेसवार्ता में विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे और जिलाध्यक्ष चिंटू वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *