उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया रोशनाई का महापर्व दीपावली

  
Last Updated:  November 12, 2023 " 10:08 pm"

घर – घर जले दीप, रोशनी से नहाया समूचा शहर।

शुभ मुहूर्त में किया गया माता महालक्ष्मी का पूजन।

दीप पर्व की एक – दूसरे को दी गई शुभकामनाएं।

सतरंगी आतिशबाजी ने बढ़ाई दीपावली की रंगत।

इंदौर : पर्वों का महापर्व दीपावली रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। देश और प्रदेश के साथ इंदौर में भी दीप पर्व की मनोहारी छटा बिखरी नजर आई। शहर का हर कोना रोशनी से नहा उठा। शुभ मुहूर्त में माता महालक्ष्मी की पूजा अर्चना के बाद लोगों ने परिजनों, परिचितों, रिश्तेदारों और मित्रों को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर रंगारंग आतिशबाजी भी की गई।

कई दिनों से चल रही थी तैयारी।

चुनावी मौसम के बीच बीते कई दिनों से शहर के बाशिंदे दीपावली की तैयारी में जुटे हुए था। घर की साफ सफाई से लेकर रंगरोगन का सिलसिला चलता रहा। बाजारों में भी खासी रौनक देखी गई।ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, नए कपड़े, पूजन सामग्री, मिट्टी के दीए, बर्तन, सोने – चांदी के सिक्के सहित उन तमाम जरूरी वस्तुओं की जमकर खरीददारी की गई, जो दीपावली को उमंग और उल्लास से मनाने के लिए आवश्यक थीं। राजवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में तो बीते कुछ दिनों से पैर रखने की जगह नहीं थी।

अमावस की अंधेरी रात में रोशन हुए लाखों दीपक।

दीपावली पर अमावस की काली रात रोशनी के महासागर में कहीं खो गई। हार,फूल और वनदनवारों से सजाए घरों, दफ्तरों और दुकानों में नन्हें दीयों ने जैसे ही अपनी आभा बिखेरी, रात की कालिमा जैसे किसी कोने में सिमटकर रह गई। रही सही कसर खूबसूरत रोशनाईं ने पूरी कर दी।शहर का कोई क्षेत्र ऐसा नहीं था जो रोशनी से दमक नहीं रहा हो। रहवासी क्षेत्रों, बाजारों के साथ राजवाड़ा सहित शहर की ऐतिहासिक इमारतें भी सतरंगी रोशनी से जगमगा रही थी।

शुभ मुहूर्त में पूजन के बाद दी गई शुभकामनाएं।

कारोबारी संस्थानों और दुकानों में माता महालक्ष्मी के पूजन के बाद लोगों ने अपने – अपने घरों में शुभ मुहूर्त में माता महालक्ष्मी की पूजा – अर्चना और आरती की। इसके बाद मिठाई खिलाकर दीप पर्व की शुभकामनाएं दी गई। सोशल मीडिया के जरिए भी दीपावली की शुभकामनाओं का आदान – प्रदान चलता रहा। दीपावली पर रंगारंग आतिशबाजी का दौर भी देर रात तक जारी रहा।

माता मंदिरों में लगी लंबी कतारें।

दीपावली पर माता महालक्ष्मी के दर्शन – पूजन के लिए मंदिरों में सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। राजवाड़ा स्थित महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन – पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने दर्शन – पूजन के साथ माता महालक्ष्मी से घर – परिवार में सुख, समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मंदिर में आकर्षक ढंग से सजावट भी की गई थी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *