एसीपी ने किया यातायात थाने का निरीक्षण, पुलिसकर्मियों की समस्याओं का लिया जायजा

  
Last Updated:  April 4, 2022 " 01:49 pm"

इंदौर : पुलिस की कार्यप्रणाली में और कसावट लाने के उद्देश्य से समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुलिस इकाईयों का वार्षिक निरीक्षण किया जाता है, इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) राजेश हिंगणकर द्वारा इंदौर यातायत प्रबंधन पुलिस की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए यातायात थाने का वार्षिक निरीक्षण किया गया। वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त, यातायात प्रबंधन, महानगर इंदौर महेश चंद जैन और यातायात प्रबंधन के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। वार्षिक निरीक्षण के दौरान यातायात थाने के विगत वर्ष के कार्यों की समीक्षा की गई।
समीक्षा उपरांत यातायात प्रबंधन के अधिकारी/कर्मचारियों की समस्याओं एवं सुझावों से रूबरू होने के लिए पुलिस सम्मेलन आयोजित किया गया। उक्त सम्मेलन में पुलिस कर्मियों ने खुलकर अपनी समस्याओं को वरिष्ठ अधिकारियों के सामने रखा।
कई अधि/कर्मचारियों ने आवास समस्या, GPF कटोत्रा एवं दैनिक ड्यूटी के दौरान होने वाली समस्याओं के संबंध में अवगत कराया। इन समस्याओं का निराकरण दो दिवस में करने हेतु अतिरिक्त पुलिस आयुक्त द्वारा आश्वासन दिया गया।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन केंद्र कैमरे द्वारा रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन सिस्टम, ई-चालान तामीली सिस्टम, सीसीटीएनएस सहित यातायात थाना की अन्य शाखाओं की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश हिंगणकर द्वारा यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा विगत 3 माह में किए गए कार्यों से संतुष्टि जाहिर करते हुए, सभी अधिकारी/कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया गया। इसी उत्साह के साथ शहर के यातायात को सुगम, सुरक्षित, सुखद बनाने में आगे भी सतत कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया।
इस मौके पर अनिल कुमार पाटीदार (अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त), संतोष कुमार उपाध्याय (सहायक पुलिस आयुक्त जोन-3), अजीत सिंह चौहान (सहायक पुलिस आयुक्त जोन-1), बसंत कुमार कौल (सहायक पुलिस आयुक्त जोन-2), हरि सिंह रघुवंशी (सहायक पुलिस आयुक्त जोन-4) व यातायात प्रबंधन पुलिस के समस्त अधि/कर्मचारी मौजूद रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *