कमलनाथ, दिग्विजय को सिंधिया की ललकार, ‘टाइगर अभी जिंदा है’
Last Updated: July 2, 2020 " 05:16 pm"
भोपाल : कमलनाथ सरकार गिराने के बाद से ही कांग्रेसी नेताओं के तीखे हमले झेल रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आखिरकार करारा पलटवार किया। उन्होंने कमलनाथ और दिग्विजयसिंह पर निशाना साधते हुए कहा जो लोग उनके चरित्र हनन में लगे हैं उन्हें वे कहना चाहते हैं ‘टाइगर अभी जिंदा है।’
15 माह की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में डूबी थी।
गुरुवार को शिवराज मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कमलनाथ को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनकी 15 माह की सरकार अन्यायी और भ्रष्टाचार में लिप्त सरकार थी। जनता के साथ उन्होंने वादाखिलाफी की। वे केवल सत्ता के खेल में ही जुटे रहे।
ये जनसेवकों का विस्तार है…
सिंधिया ने कहा कि ये शिवराज मंत्रिमंडल का नहीं जनसेवकों का विस्तार है। मंत्रिपद तोहफा नहीं जिम्मेदारी है। जो मंत्री बने हैं वे जनसेवक के रूप में काम करें। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में सभी को उचित स्थान मिला है।
सभी 24 सीटों पर जीतेगी बीजेपी।
सिंधिया ने कहा कि सीएम शिवराज ने हमेशा जनसेवा का रास्ता अपनाया है। उनके नेतृत्व में बीजेपी उपचुनाव में सभी 24 सीटों पर विजय प्राप्त करेगी।
न्याय के लिए युद्ध भी लड़ना पड़ा तो पीछे नहीं हटेंगे।
सिंधिया ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि न्याय के लिए युद्ध भी लड़ना पड़ा तो वे लड़ेंगे। उपचुनाव में जनता कांग्रेस को उसके भ्रष्टाचार का माकूल जवाब देगी।