कमलनाथ सरकार के खिलाफ बीजेपी का ‘घंटानाद आंदोलन’

  
Last Updated:  September 11, 2019 " 12:32 pm"

इंदौर : नौ माह पुरानी कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के खिलाफ बुधवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत इंदौर में भी बीजेपी कार्यकताओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इसे घंटानाद आंदोलन नाम दिया गया था। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता घंटे- घड़ियाल के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए। कई कार्यकर्ता बेरिकेटिंग तोड़कर कलेक्टर कार्यालय के द्वार पर चढ़ गए। इस बीच वहां बल्ला भी लहराया गया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खंडवा के सांसद नंदकुमार चौहान व पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

घंटानाद करते हुए पहुंचे कलेक्टर कार्यालय।

तमाम बीजेपी नेता व कार्यकर्ता हरसिद्धि मन्दिर चौक में एकत्रित हुए। भारी बारिश के चलते ऐसा लग रहा था कि भीड़ नहीं जुट पाएगी पर जैसे ही बारिश का वेग कम हुआ। शहरभर से कार्यकर्ता घंटे- घड़ियाल बजाते हुए पहुंचने लगे। देखते ही देखते हजारों कार्यकर्ता वहां इकठ्ठा हो गए। जैसे ही सांसद नंदकुमार चौहान और अन्य वरिष्ठ नेता हरसिद्धि पहुंचे, कार्यकर्ताओं में जोश आ गया। हरसिद्धि चौक से बीजेपी नेता व कार्यकर्ता जुलूस के रूप में मोतीतबेला होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ढोल- ताशे, झांझ-मंजीरे, नगाड़े और घंटे- घड़ियाल बजाते हुए कार्यकर्ता कमलनाथ सरकार की वादाखिलाफी पर आक्रोश जता रहे थे। एक वाहन में सवार नंदकुमार चौहान भी नगाड़ा बजाते चल रहे थे वहीं उनके साथ खड़े विधायक महेंद्र हार्डिया और पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता तुतारी बजाते नजर आए। विधायक आकाश विजयवर्गीय, नगर अध्यक्ष गोपी नेमा, मुकेश राजावत आदि कार्यकर्ताओं के साथ पैदल चल रहे थे। कलेक्टर कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने दुगुने जोश के साथ घंटानाद कर कमलनाथ सरकार को नींद से जगाने का ऐलान किया।

बेरिकेटिंग तोड़ गेट पर चढ़े कार्यकर्ता।

कलेक्टर कार्यालय पर एक ओर मंच से पार्टी नेता कमलनाथ सरकार पर शब्दबाण चला रहे थे वहीं दूसरी ओर कार्यकर्ताओं का बड़ा समूह कलेक्टर कार्यालय का घेराव करते हुए बेरिकेटिंग तोड़कर आगे बढ़ गया। कई कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय के गेट पर चढ़कर पार्टी के झंडे लहराने लगे। इसबीच किसी कार्यकर्ता ने बल्ला भी हवा में लहरा दिया। कार्यकर्ताओं को गेट तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास करते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और कार्यकर्ताओं को पीछे धकेला। इस दौरान पुलिस व कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की भी हुई।

सुमित्रा महाजन भी हुई शामिल।

पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन भी कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर घंटानाद प्रदर्शन में शामिल हुई और संक्षिप्त उद्बोधन देकर कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई की। अंत में कमलनाथ सरकार को नींद से जगाने के लिए 5 मिनट लगातार घंटानाद किया गया।
प्रदर्शन में गोविंद मालू, जयंत भिसे, उमाशशि शर्मा, उमेश शर्मा, कमल वाघेला, घनश्याम शेर, हरप्रीत बख्शी सहित पार्टी के अन्य नेता भी शामिल हुए।

आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है कमलनाथ सरकार।

घंटानाद प्रदर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सांसद नंदकुमार चौहान ने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। कमलनाथ सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है। जमकर लूट-खसोट मची हुई है। किसानों के साथ कर्जमाफी के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। एक भी वादा पूरा करने में यह सरकार सफल नहीं हो पाई है। शिवराज सरकार के समय चलाई जा रही जा रही तमाम जनहितकारी योजनाएं कमलनाथ सरकार ने बन्द कर दी हैं। जनता परेशान है और यह सरकार कुम्भकर्णी नींद सोई है। इसे नींद से जगाने के लिए ही बीजेपी सड़कों पर उतर आई है। एक सवाल के जवाब में सांसद श्री चौहान ने कहा कि कमलनाथ सरकार अपने ही बोझ से गिर जाएगी। हमें इसे गिराने की जरूरत नहीं है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *