इंदौर : केंद्र सरकार पर मप्र के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए शहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सांसद शंकर लालवानी के निवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। कार्यकारी अध्यक्ष विनय बाकलीवाल की अगुवाई में साकेत चौराहे पर एकत्रित होकर जुलूस के रूप में कांग्रेस कार्यकर्ता सांसद शंकर लालवानी के निवास पर पहुंचे। कई कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रकट करने के लिए काले कपड़े पहने हुए थे। कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया था। सांसद के घर की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने बेरिकेट्स लगा दिए थे। जैसे ही कांग्रेसी जुलूस के रूप में सांसद लालवानी के घर की ओर बढ़ने लगे पुलिस ने उन्हें रोक दिया। कई कार्यकर्ताओं ने बेरिकेट्स लांघने का प्रयास किया पर वे सफल नहीं हो पाए। काले गुब्बारे छोड़ने के साथ झांझ- मंजीरे बजाते हुए कांग्रेसियों ने केंद्र की मोदी सरकार और सांसद लालवानी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शहर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विनय बाकलीवाल का कहना था कि केंद्र की मोदी सरकार मप्र के साथ पक्षपात कर रही है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने से हक का पैसा भी मप्र को नहीं दिया जा रहा है। अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के लिए सीएम कमलनाथ ने 6 हजार 6 सौ करोड़ रुपयों की मांग की थी पर केंद्र सरकार ने महज 1हजार करोड़ की राशि दी। अन्य मदों में भी केंद्र सरकार ने प्रदेश को मिलनेवाली राशि में कटौती कर दी है। प्रदेश में बीजेपी के 28 सांसद हैं पर वे सभी राज्य के साथ हो रहे भेदभाव को देखकर भी चुप हैं। इसीलिये पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता सांसदों के निवास पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में शहर कांग्रेस ने यह प्रदर्शन केंद्र सरकार के भेदभाव के खिलाफ और सांसद शंकर लालवानी को नींद से जगाने के लिए किया ताकि उन्हें इंदौर व प्रदेश के हितों की रक्षा करने की जिम्मेदारी याद दिलाई जा सके।
कांग्रेस के इस घेराव- प्रदर्शन में बाकलीवाल के अलावा विधायक संजय शुक्ला,राजेश चौकसे,अनिल यादव, रमेश यादव,चंदू कुंजीर,पिंटू जोशी, देवेंद्र यादव और अन्य नेता व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेसियों ने किया सांसद लालवानी के निवास का घेराव, केंद्र पर मप्र के साथ भेदभाव का लगाया आरोप
Last Updated: November 30, 2019 " 11:50 am"
Facebook Comments