कोरोना टीकाकरण की तैयारियां पूरी, एमवायएच सहित 5 अस्पतालों में लगेंगे टीके

  
Last Updated:  January 16, 2021 " 12:06 am"

इंदौर : देश और प्रदेश के साथ इंदौर जिले में भी कोविड-19 वैक्सीन टीकाकरण महा अभियान 16 जनवरी से प्रारम्भ होने जा रहा है। कोरोना टीकाकरण के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर में कुल 5 शासकीय व निजी अस्पतालों को कोरोना के टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें एमवायएच, बॉम्बे हॉस्पिटल, राजश्री अपोलो, अरविंदो और ईएसआई अस्पताल शामिल हैं। पहले चरण में फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीके लगाए जाएंगे। इनमें नगर निगम के सफाईकर्मी और स्वास्थ्य विभाग के हेल्थवर्कर शामिल हैं। शुक्रवार को पत्रकार वार्ता के जरिए सीएमएचओ डॉ. पूर्णिमा गड़रिया ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लाभार्थियों को मैसेज भेज दिए गए हैं।

सबसे पहले टीकाकरण के लाभार्थियों के नाम तय।

एमवायएच में सबसे पहले जिन 5 लाभार्थियों को कोरोना के टीके लगाए जाएंगे उनके नाम आशा पंवार, विनोद शिंदे, सन्तोष सुखदेव, अशोक मेढ़ा और सुरेखा डागर बताए गए हैं। इस मौके पर प्रभारी मंत्री, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और डॉक्टर्स मौजूद रहेंगे।

चरणबद्ध ढंग से चलेगा अभियान।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूर्णिमा गडरिया ने बताया कि कोविड-19 टीकाकरण अभियान कोरोना से सुरक्षा प्रदान करने हेतु संचालित किया जा रहा है। यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा, जिसमें प्रथम चरण में स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को, दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्कर को और तीसरे चरण में 50 वर्ष से अधिक आयु एवं ऐसे व्यक्ति जो 50 वर्ष से कम आयु के हैं, लेकिन जोखिम समूह में आते हैं उनको लगाया जाएगा।

28 दिन के अंतराल में लगेंगे दो डोज।

सीएमएचओ डॉ. गड़रिया ने बताया कि कोविड-19 वैक्सीन का डोज 0.5ml है, इसे ए.डी. सिरिंज का उपयोग कर “दांयी भुजा” में आई.एम. लगाया जाएगा। वैक्सीन के दो डोज होंगे जो 28 दिन के अंतराल पर लगाए जाएंगे। वैक्सीन का +2°C से +8°C तापमान पर भंडारण एवं परिवहन किया जाएगा, इसमें ओपन वायल पॉलिसी लागू नहीं होगी।

टीकाकरण के लिए पंजीयन जरूरी।

टीकाकरण हेतु पंजीयन आवश्यक होगा। बिना पंजीकृत व्यक्तियों को टीका नहीं मिलेगा। टीकाकरण स्थल पर भी पंजीकरण नहीं होगा। इसलिए पूर्व पंजीकरण आवश्यक है। पात्र लाभार्थियों को एस.एम.एस. द्वारा पंजीकरण, टीकाकरण की तारीख और स्थान की सूचना दी जाएगी। पंजीकरण के समय जिस फोटोयुक्त पहचान पत्र का उपयोग किया है उसे ही टीकाकरण के समय दिखाना आवश्यक है। टीकाकरण के बाद लाभार्थियों को 30 मिनिट तक टीकाकरण स्थल पर ही रुकना आवश्यक होगा। टीकाकरण के बाद कोई भी असामान्य लक्षण दिखने पर तुरंत आशा, ए.एन.एम. को सूचित करें, या अधिकृत टोल-फ्री नं. 1075 पर सूचित करें। फ्रंटलाइन वर्कर एवं सेवाप्रदाताओं को लगने वाला यह टीका निःशुल्क होगा।

एक दिन में लगेंगे 5 सौ टीके।

सीएमएचओ डॉ. पूर्णिमा गड़रिया ने बताया कि इंदौर जिले के लिए प्राप्त डोज में से 340 महू आर्मी और 700 ईएसआई को दिए गए हैं। 10 फीसदी ठीके वेस्टेज हो सकते हैं। कुल 32450 टीके उपलब्ध हैं। एक व्यक्ति को 28 दिन के अंतराल में दो टीके लगाए जाना है। इसके चलते 15 हजार से कुछ ज्यादा लोगों का फिलहाल टीकाकरण हो सकेगा। जैसे- जैसे टीकों की उपलब्धता बढ़ेगी, पंजीकृत लोगों को टीके लगाते जाएंगे।

प्रेग्नेंट महिलाओं का टीकाकरण नहीं।

सीएमएचओ ने कहा कि प्रेग्नेंट महिलाएं, बुखार व गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को टीका नहीं लगाया जाएगा।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *