गेर निकलने के चंद घंटों में ही सड़कें हुई चकाचक

  
Last Updated:  March 12, 2023 " 11:25 pm"

निगम के सफाई मित्रों ने 4 किमी लंबे गेर मार्ग की तुरत – फुरत की सफाई।

सैकड़ों क्विंटल रंग – गुलाल,कचरा और कीचड़ सड़कों से किया साफ।

इंदौर: स्वच्छता में इंदौर यूं ही नंबर वन नहीं है। इसके पीछे यहां के सफाई मित्रों का अपने दायित्व के प्रति समर्पण और शहर के प्रति अपनत्व का भाव है। यही कारण है कि रंगपंचमी पर रंगों की जबर्दस्त धमाल मचने के बाद गेर मार्ग पर पसरे सैकड़ों क्विंटल रंग – गुलाल को नगर निगम के सफाई मित्रों ने चंद घंटों में ही साफ करके रोड को चकाचक कर दिया।

गेरों में डेढ़ सौ क्विंटल से ज्यादा रंग – गुलाल की हुई बारिश।

एक अनुमान के मुताबिक रंगपंचमी पर निकली गेरों में लगभग 5 लाख लोगों ने शिरकत की। करीब डेढ़ सौ क्विंटल रंग – गुलाल उड़ाया गया। इसके चलते 4 किमी लंबे गेर मार्ग पर रंग – गुलाल की मोटी परत जमने के साथ कीचड़ भी हो गया था। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस बात का अनुमान लगाकर नगर निगम के अमले को गेर निकलने के तुरंत बाद मार्ग की सफाई करने के निर्देश दे दिए थे।

तीन घंटे में कर दी गेर मार्ग की सफाई।

महापौर के निर्देशानुसार निगम के अधिकारी स्विपिंग मशीन, जेट प्रेशर मशीन और 150 सफाई मित्रों के साथ गेर निकलने के तुरंत बाद मैदान में उतर आए। सफाई मित्रों ने संसाधनों के साथ मोर्चा संभाला और देखते ही देखते राजवाड़ा, एमजी रोड, खजूरी बाजार, सराफा और गेर मार्ग के अन्य हिस्सों से देखते ही देखते कचरा व गंदगी साफ कर दी। लोग जब नहा धोकर शहर की तफरीह पर निकले तो गेर मार्ग की सड़कें एकदम चकाचक देखकर हैरत में पड़ गए। उन्होंने कुछ ही घंटों में सड़कों को साफ करने के लिए सफाई मित्रों को धन्यवाद दिया। उधर महापौर भार्गव और कलेक्टर इलैया राजा टी ने भी गेर मार्ग की तत्परता से सफाई करने पर निगम अधिकारियों और सफाई मित्रों की सराहना की।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *