गेर में कई लोगों की बिगड़ी तबीयत।
पानी की तेज धार से महापौर की पत्नी की आंखों में भी लगी चोट।
इंदौर : रंगपंचमी पर शहर के पश्चिमी क्षेत्र से तीन गेर और एक राधाकृष्ण फाग यात्रा निकाली गई। लाखों लोगों ने इनमें शिरकत कर रंगों की धमाल में रंगने और पानी की बौछारों में भीगने का लुत्फ उठाया। रंगों के मस्तीभरे इस महापर्व में मातृशक्ति ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। हालांकि तमाम सुरक्षा दावों के बावजूद गेर में हुड़दंगी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। युवतियों और महिलाओं को इससे परेशानी झेलनी पड़ी। इसी के साथ गेर में कई हादसे भी हुए जिनमें एक व्यक्ति की जान चली गई वहीं आधा दर्जन लोग तबियत बिगड़ने से बेहोश हो गए जिनका एंबुलेंस में तैनात डॉक्टरों ने उपचार किया। एक – दो को अस्पताल भी भेजा गया।महापौर पुष्यमित्र भार्गव की पत्नी भी आंख में चोट आने से घायल हो गई,उन्हें निजी अस्पताल में ले जाया गया।
गेर में ट्रैक्टर से कुचलकर एक व्यक्ति की मौत होने की घटना राजवाड़ा पुलिस चौकी के समीप घटित हुई। लोगों ने ही उसे उठाकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी के साथ गेर मार्ग पर अलग – अलग जगह गर्मी और घबराहट के चलते करीब छह लोगों की तबीयत बिगड़ी, जिनका एंबुलेंस में मौजूद डॉक्टरों ने उपचार किया। एक – दो लोगों को अस्पताल भी भेजा गया।
महापौर की पत्नी को लगी चोट।
गेर में शामिल महापौर पुष्यमित्र भार्गव की पत्नी जूही भार्गव भी घायल हो गई। पानी की तेज धार से उनकी आंखों में चोट आई। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
हुड़दंगियों ने मचाया उत्पात।
पुलिस ने दावा किया था कि गेर मार्ग पर उसने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, बावजूद इसके हुड़दंगी उत्पात मचाने से बाज नहीं आए। महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाकर गुब्बारे और रंगों से भरे पैकेट फेंके गए। हुड़दंगियों और मनचलों की इन हरकतों महिलाएं और युवतियां परेशान होती रहीं। इंदौर की गेर को वैश्विक पटल पर पहुंचाने की कवायद में जुटे शासन – प्रशासन की तमाम सुरक्षा और निगरानी भी हुड़दंगियों को रोकने में नाकाम रही। इसके अलावा कई महिलाओं के गले से चेन उड़ाने की घटनाएं भी सामने आई।