जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के बतौर किया पदभार ग्रहण

  
Last Updated:  December 20, 2023 " 12:02 am"

पटवारी ने उज्जैन भगवान महाकाल के दर्शन कर की पूजा-अर्चना।

इंदौर, उज्जैन, देवास, सोनकच्छ, आष्टा, सीहोर और भोपाल में मार्ग पर जगह-जगह कांग्रेसजनों ने किया स्वागत।

अब हमारे हाथों में भाजपा का वचन पत्र होना चाहिए: जीतू पटवारी

भोपाल : मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर कांग्रेसजनों के बीच पदभार ग्रहण किया। पटवारी सुबह 9 बजे इंदौर से प्रस्थान कर उज्जैन पहुंचे जहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। जीतू पटवारी उज्जैन, देवास, सोनकच्छ,आष्टा, सीहोर बायपास मार्ग से होते हुए सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ भोपाल पहुंचे। बैरागढ़ से एक विशाल रैली के रूप में इमामी गेट, लिली टॉकीज, रोशनपुरा, लिंक रोड से होते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे जहां उन्होंने विधि विधान से पूजा अर्चना कर पदभार ग्रहण किया। उनके साथ मप्र विधानसभा के नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे भी मौजूद थे। हालांकि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता नदारद रहे।

जीतू पटवारी ने पदभाग ग्रहण करते हुए कहा कि अभा कांग्रेस नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी हैं उस जिम्मेदारी पर पूरी तरह खरा उतरूंगा। उन्होंने अभा कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष द्वय श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, रणदीप सिंह सुरजेवाला, के.सी. वेणुगोपाल सहित सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का आभार व्यक्त किया।

बीजेपी की नफरत की राजनीति का जवाब पूरी ताकत से देंगे।

श्री पटवारी ने कहा कि तीन बजे आना था लेकिन रात के नौ बज गये, अद्भुत उत्साह कांग्रेसजनों में कांग्रेस की विचारधारा में है। यहां बैठे सभी वरिष्ठ, युवा, माताएं बहनों केे प्यार और स्नेह का आभारी हूं। प्रदेश दो पटरियों पर चलता है एक सत्ता की जो प्रदेश की सेवा करें और दूसरे विपक्ष जो जनता की आवाज को उठाने का काम करती है, जो वचन पत्र भाजपा ने जारी किया है उसको पूरा कराने की जिम्मेदारी उसकी है। अब हमारे हाथों में भाजपा का वचन पत्र होना चाहिए। भाजपा सरकार ने 18 सालों में प्रदेश की जनता को ठगने का काम किया है। जितना तगड़ा झटका लगता है, उतनी बड़ी सफलता मिलती है। लोकतंत्र में जीत और हार होती है। भाजपा नफरतों से भर गई है। हम सभी लोग इनकी नफरत और घृणा की राजनीति को पूरी ताकत से जबाव देंगे।

अपने वचन पत्र के वादे निभाए बीजेपी।

पटवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में जो वादे अपने मेनिफेस्टो में किए उन्हें निभाए। भाजपा तत्काल गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रू.क्विंटल करें, धान का समर्थन मूल्य 3100 रू. क्विंटल करें। गैस सिलेंडर 450 रुपए में दें। महिलाओं को 3000 रू. लाडली बहना योजना में देने का वादा चुनाव में किया गया था, उसे पूरा किया जाए। हर परिवार को रोजगार दिया जाए।

पटवारी ने कहा कि सत्ता पक्ष यदि अपने वादे पूरे नहीं करता है तो जनता की लड़ाई हम सड़कों पर लड़ेंगे। हम सबको लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगना है।

इंदौर से उज्जैन, देवास, सोनकच्छ,आष्टा और सीहोर सहित भोपाल तक विभिन्न मार्गों में पटवारी के स्वागत के लिए जगह-जगह पर सैकड़ों की संख्या में मंच लगाये गए थे।

जीतू पटवारी के पदभार ग्रहण समारोह में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया, सज्जन सिंह वर्मा, अरूण यादव, रामनिवास रावत, प्रकाश जैन, अशोक सिंह, राजेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, कमलेश्वर पटेल, जयवर्धन सिंह, लखन घनघौरिया, विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, दिनेश गुर्जर जी, रजनीश सिंह, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा, एन.पी. प्रजापति, पूर्व विधायक कुणाल चौधरी, गोविंद गोयल, महेंद्र जोशी, जेपी धनोपिया, अभय दुबे, के.के. मिश्रा, श्रीमती विभा पटेल, आशुतोष चौकसे सहित प्रदेश भर से आये कांग्रेस के विधायक, मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने मंच का संचालन किया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *