Eow की जांच में 12 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति हुई थी उजागर।
बाघ की खाल भी घर से हुई थी बरामद।
जबलपुर : मप्र के जबलपुर में आदिम जाति कल्याण विभाग के उपायुक्त जगदीश सरवटे को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। सरवटे पर आय से अधिक संपत्ति रखने और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन करने जैसे गंभीर आरोप हैं। बीते महीने आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने उनके घर और कार्यालय में छापामार कार्रवाई की थी. इसमें करोड़ों रुपये की अघोषित संपत्ति का खुलासा हुआ था।
कार्रवाई के दौरान सरवटे के पैतृक आवास से बाघ की खाल बरामद होने से उनके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत भी केस दर्ज किया गया था। बताया गया था कि परिवारजन पूजा-पाठ में इस खाल का उपयोग करते थे। वन विभाग ने सरवटे के साथ उनकी मां सावित्री बाई को भी आरोपी बनाया है। सावित्री बाई को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि सरवटे फरार हो गए थे।
शनिवार को उपयुक्त सरवटे अचानक अदालत में पेश हुए और जमानत याचिका दायर की। सुनवाई के बाद अदालत ने उनकी जमानत नामंजूर कर दी और उन्हें जेल भेज दिया।
EOW की टीम ने 22 जुलाई 2025 को उपायुक्त सरवटे के जबलपुर में शंकर शाह नगर स्थित सरकारी आवास सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। सरकारी आवास के अलावा भोपाल, सागर, मंडला स्थित उनके अन्य ठिकानों पर टीम ने दबिश दी थी। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर के ठिकानों से करीब 12 करोड़ रुपये की संपत्ति, जमीनों के दस्तावेज, लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, महंगी शराब की कई बोतलें और बाघ की खाल बरामद हुई थी।









