टीकाकरण महाअभियान की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा, उत्सवी माहौल में अभियान को पूरा करने के दिए निर्देश

  
Last Updated:  June 20, 2021 " 11:47 pm"

इंदौर : जिले में राज्य शासन के निर्देशानुसार 21 जून से टीकाकरण महाअभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान की सभी तैयारियां पूरी हो गई है। सुबह 8 बजे से टीकाकरण प्रारंभ होगा, जो केन्द्र में आने वाले अंतिम व्यक्ति की उपस्थिति तक चलेगा। जिले में टीकाकरण के लिए एक हजार से अधिक टीकाकरण केन्द्र बनाए गए हैं। टीकाकरण केन्द्रों को विशेष रूप से सजाया-संवारा गया है। जिले में यह अभियान एक उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए सभी धर्मों, समाज, व्यापारिक तथा औद्योगिक संगठन, विभिन्न राजनैतिक दल, स्वयंसेवी संगठन, जनप्रतिनिधि स्वैच्छा से आगे आकर सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिये कलेक्टर मनीष सिंह ने रविन्द्र नाट्यगृह में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु चन्द्र, अपर कलेक्टर पवन जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह ने तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान को प्रभावी और सफलता के साथ पूरा किया जाये। अभियान को उत्सवी माहौल में आयोजित करें। अभियान में सभी का सहयोग लेकर न्यूनतम समय में अधिक से अधिक टीकाकरण करवाएं। कोरोना संक्रमण की प्रभावी रोकथाम के लिए जरूरी है कि प्रत्येक नागरिक का टीकाकरण हो। इस दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में कुल तीन लाख डोज प्राप्त हुए हैं। इनमें से 80 प्रतिशत डोज 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों के लिये तथा शेष 20 प्रतिशत 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए रहेंगे। जिले में कुल तीन लाख में से दो लाख 77 हजार डोज कोविशील्ड के तथा 23 हजार डोज कोवैक्सीन के प्राप्त हुए हैं। उक्त सभी डोज टीकाकरण केन्द्रों पर सुबह पहुंच जाएंगे। टीकाकरण कार्य हर हाल में सुबह 8 बजे से प्रारंभ कर दिया जाएगा। शहर के विभिन्न स्थानों पर वैक्सीनेशन सेंटर पर नागरिकों की सुविधा हेतु टेंट व पेयजल के साथ ही बैठने की व्यवस्था भी की गई है। इसी के साथ शहर के विभिन्न संगठनों द्वारा वैक्सीनेशन सेंटर पर खाने-पीने की भी व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने बताया कि ड्राइव इन वैक्सीनेशन सेंटरों पर भी टीकाकरण होगा। उन्होंने टीकाकरण के लिये की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी भी विस्तार से दी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *