इंदौर : कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मनाए जा रहे वैक्सिनेशन महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को हुई। जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में इसके लिए वैक्सिनेशन सेंटर्स बनाए गए हैं। वहां डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ की भी नियुक्ति की गई है। सोसायटियों और टाउनशिप्स में भी शिविर लगाए गए हैं। पहले दिन बड़ी संख्या में लोग इन सेंटर्स व शिविरों में वैक्सीन लगवाने पहुंचे। समाज स्तर पर भी इस वैक्सिनेशन महोत्सव में भागीदारी जताई गई। 45 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों ने वैक्सीन लगवाकर खुशी का इजहार किया। उन्होनें अपने हम उम्र लोगों से भी आग्रह किया कि वे बेख़ौफ़ होकर वैक्सीन लगवाएं। यह पूरी तरह सुरक्षित होकर कोरोना महामारी की रोकथाम का एकमात्र कारगर उपाय है। संभागायुक्त और कलेक्टर सहित अन्य बड़े अधिकारियों ने वैक्सिनेशन सेंटरों में पहुंचकर इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने वैक्सीन लगवा रहे लोगों की हौसला अफजाई भी की।साकेत नगर एसोसिएशन ने भी वैक्सिनेशन महोत्सव मनाते हुए निजी अस्पताल के सहयोग से तीन दिनी शिविर लगाया है। पहले दिन यहां सैकड़ों लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। इस मौके पर कोरोना योद्धा डॉक्टर्स का सम्मान भी किया गया। कुल 179 शहरी, 40 ग्रामीण और 25 टाउन शिप सेंटर्स में वैक्सिनेशन अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 3 व 4 अप्रैल को भी जारी रहेगा।
तीन दिनी कोरोना वैक्सिनेशन महोत्सव की हुई शुरुआत, हजारों लोगों ने लगवाया टीका
Last Updated: April 3, 2021 " 06:09 pm"
Facebook Comments









