तीन दिनों में मृत्यु प्रमाण पत्र संबंधित परिवार तक पहुंचाएंगे निगम कर्मचारी – महापौर

  
Last Updated:  December 10, 2022 " 05:38 pm"

सात दिनों में 250 से अधिक लोगों के घर पहुंचाए गए प्रमाण पत्र।

इंदौर : महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए मृत्यु प्रमाण पत्र संबंधित परिवार के निवास पर पहुंचाने की व्यवस्था प्रारंभ की है। निगम के कर्मचारी तीन दिनों में प्रमाण पत्र शोक संतप्त परिवार के निवास पर पहुंचाएंगे।
किसी व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद परिवार के सदस्यों को मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने में होने वाली परेशानियों की जानकारी महापौर तक पहुंचने के बाद उन्होंने प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की समीक्षा की और निर्देश दिए कि अब प्रमाण पत्र निगम कार्यालय द्वारा संबंधित परिवार के निवास पर पहुंचाया जाए। किसी भी शोकाकुल परिवार को निगम मुख्यालय अथवा जोनल कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पडें इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद यदि किसी भी परिवार द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र तीन दिनों में नहीं मिलने की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। महापौर के निर्देशानुसार निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह कार्य शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य अधिकारी अखिलेश उपाध्याय को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। महापौर के निर्देशानुसार तय की गई नई प्रक्रिया के तहत अब नगर निगम के कर्मचारी मुक्तिधाम से मृतकों के नामों की सूची स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचा रहे हैं। विभाग में मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किया जाता है। इसके बाद सी.एस.आई के माध्यम से यह प्रमाण पत्र संबंधित परिवार के निवास पर पहुंचाया जाता है।

पिछले 7 दिनों में 250 से अधिक प्रमाण पत्र, महापौर के शोक संदेश के साथ संबंधित परिवारों तक पहुंचाए जा चुके हैं। महापौर के निर्देश पर विभाग द्वारा एक वाट्स एप ग्रुप भी बनाया गया है। प्रमाण पत्र जारी करने के कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जाकर इसकी जानकारी वाट्स एप ग्रुप पर नियमित रूप से दी जा रही है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *