दशहरा मैदान पर 22 से 30 मार्च तक मनाया जाएगा ‘सबके राम’ जन्मोत्सव

  
Last Updated:  March 21, 2023 " 12:27 am"

श्री श्री रविशंकर, पं. प्रदीप मिश्रा एवं महंत राजू दास सहित अनेक हस्तियां करेंगी शिरकत।

बंगाल के 60 कलाकारों ने बनाई 120 फीट ऊंची रामलला के मंदिर की प्रतिकृति।

500 से अधिक यजमान युगल शामिल होंगे यज्ञ में।

प्रतिदिन प्रख्यात कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

इंदौर : दशहरा मैदान स्थित ‘अवध लोक’ पर 22 से 30 मार्च तक जन जन के आराध्य प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव पर आयोजित ‘सबके राम’ कार्यकम में अनेक दिव्य आयोजन होंगे। बंगाल से आए 60 कलाकारों ने यहां करीब 25 हजार वर्गफुट में अयोध्या में बन रहे भव्य रामलला के मंदिर की 120 फीट ऊंची प्रतिकृति का निर्माण किया है, जिसके दर्शन प्रतिदिन सुबह 7 से रात 11 बजे तक अयोध्या से लाई गई पवित्र रज एवं सरयू नदी के पावन जल के साथ होंगे। इसी तरह 108 कुंडीय राम जानकी सर्व विजय महायज्ञ का दिव्य अनुष्ठान भी 151 विद्वान आचार्यों के निर्देशन में होगा। अब तक 500 से अधिक यजमान युगल इस महायज्ञ में आहुतियां समर्पित करने हेतु अपना पंजीयन करा चुके हैं। महोत्सव में 23 मार्च को अयोध्या के हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास महाराज, 26-27 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय योग गुरू श्री श्री रविशंकर एवं 23 मार्च को सुबह 11 बजे सीहोर वाले पं. प्रदीप मिश्रा सहित अनेक विभूतियां आएंगी। प्रतिदिन सायं 6 बजे रामगीत धुन, सायं 7 बजे आरती एवं रात 8 बजे से प्रख्यात कलाकारों एवं रंगकर्मियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

‘सबके राम’ लोक कल्याण समिति के संयोजक महेन्द्रसिंह चौहान एवं श्रीमती प्रवीणा अग्निहोत्री ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 मार्च को सुबह 10 बजे हिन्दू नववर्ष का शुभारंभ भगवान श्रीराम के जयघोष, 151 फीट ऊंची गुड़ी के पूजन एवं तदपश्चात राम जानकी सर्व विजय महायज्ञ तथा बंगाल के कलाकारों द्वारा एक माह के लगातार परिश्रम के बाद निर्मित अयोध्या के भव्य राम मंदिर की प्रतिकृति के दर्शनों के साथ होगा। अयोध्या की पवित्र माटी एवं सरयू नदी के पवित्र जल के दर्शन भी यहां आम श्रद्धालु सुबह 7 से रात 11 बजे तक कर सकेंगे। मालवा के तपोनिष्ठ आचार्य पं. माधव रामानुज शास्त्री के आचार्यत्व में 108 कुंडीय राम जानकी सर्व विजय महायज्ञ का शुभारंभ भी 22 मार्च को सुबह हो जाएगा। इसमें अब तक 500 से अधिक युगलों ने अपने पंजीयन करा लिए हैं। यज्ञ प्रतिदिन सुबह 7 से 10 बजे तक होगा। महायज्ञ में गुरूकुलों से जुड़े 151 विद्वान आचार्य भी शामिल होंगे। यज्ञ शाला में चारों वेदों के नाम पर चार प्रवेश द्वार, दसों दिशाओं के सूचक संकेतक एवं मां नवदुर्गा की स्थापना भी होगी। प्रत्येक कुंड पर सुपारी के गणेशजी की प्रतिमा भी स्थापित होगी। महायज्ञ की पूर्णाहुति पर यज्ञ में शामिल सभी भक्तों को राम जानकी सर्व विजय मंत्र भेंट किए जाएंगे। ये सर्व विजय मंत्र पं. प्रदीप मिश्रा 23 मार्च को यज्ञशाला में अभिमंत्रित करेंगे। जो लोग किसी कारण से यज्ञ में नहीं बैठ पा रहे हैं, उनके लिए भी यह सर्व विजय मंत्र पंजीयन के बाद उपलब्ध रहेगा। सम्पूर्ण यज्ञशाला 32 हजार वर्गफुट में बनाई गई है।बंगाल के 60 कलाकारों ने रामलला के मंदिर का जो मॉडल यहां तैयार किया है उसमें राम दरबार की स्थापना की जाएगी। प्रतिदिन शाम 7 बजे शहर के विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि यहां प्रख्यात संतों एवं धर्माचार्यों के साथ महाआरती का पुण्य लाभ उठा सकेंगे। आम लोगों के लिए यह मंदिर सुबह 7 से रात 11 बजे तक निःशुल्क खुला रहेगा। शहर के किन्नर समाज के बंधु भी यहां आरती करेंगे।

आयोजकों ने बताया कि 22 मार्च को रात 8 बजे से रामनाम गीत धारा का दिव्य आयोजन होगा, जिसमें देश के प्रख्यात शर्मा बंधु, डॉ. राजीव शर्मा, मुकेश शर्मा, शैलष शर्मा एवं मिथिलेश शर्मा अपनी भाव पूर्ण प्रस्तुति देंगे। ‘सूरज की गर्मी से तपते हुए तन को मिल जाए तरुवर की छाया’ जैसा विश्व विख्यात भजन इन्हीं शर्मा बंधुओं की रचना है। 23 मार्च गुरुवार को संस्था शौर्य नमन की मेजबानी में कवि सम्मेलन होगा। 24 को नृत्य अकादमी की दीप्ति गंगराड़े द्वारा श्रीराम स्तुति एवं संतोष अग्निहोत्री द्वारा श्री राम धुन की प्रस्तुति दी जाएगी। 25 को डॉ. नेहा केकरे एवं पूजा पटवर्धन द्वारा कत्थक नृत्य की प्रस्तुति, 26 को दमयंती भाटिया (आरंभ कत्थक स्टूडियो) द्वारा कत्थक नृत्य, 27 को विभावरी नृत्य शाला की पूर्वा पांडे द्वारा भरत नाट्यम की प्रस्तुति, 28 को श्री माधव रामानुज शास्त्री द्वारा श्रीराम हनुमंत पर आधारित प्रस्तुति, 29 को सुंदरलाल मालवीय द्वारा सबके राम कीर्तिगान एवं गुरुवार 30 मार्च को दमयंती भाटिया समूह के कलाकारों द्वारा रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी जाएगी। सभी कार्यक्रम रात 8 बजे से 11 बजे तक अवध लोक परिसर में होंगे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *