ध्वजा पूजन के साथ रणजीत हनुमान मंदिर में हुई चार दिवसीय उत्सव की शुरुआत

  
Last Updated:  December 14, 2022 " 08:16 pm"

रणजीत बाबा से की जिले में सुख-शांति के लिए प्रार्थना।

इंदौर : प्राचीन रणजीत हनुमान मंदिर में मंगलवार से चार दिवसीय उत्सव की शुरुआत हो गई है। कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर में विधि-विधान से ध्वजा पूजन किया।

मंदिर के पुजारी पं. दीपेश व्यास ने बताया कि मंगलवार से चार दिवसीय आयोजन की शुरुआत हो चुकी है। मंदिर में ध्वज पूजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। ध्वज पूजन के लिए मंदिर प्रशासन के प्रशासक व कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव सुबह मंदिर पहुंच गए थे। उनके साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मंदिर में रणजीत हनुमानजी के सामने ही विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान के साथ ध्वज पूजन किया गया। ध्वज पूजन के बाद भगवान की आरती की गई। फिर ध्वज को मंदिर के शिखर पर लगाया गया। इस दौरान सरगम बैंड ने भजनों की आकर्षक प्रस्तुति भी दी।

मंदिर के शिखर पर लगने वाली ये ध्वजा इंदौर में भक्तों ने ही तैयार की है। खास तौर पर ध्वजा को सजाया गया है। इस दौरान बाबा का महाश्रृंगार और गर्भगृह की फूलों से सुंदर सजावट की गई।

प्रवासी भारतीय भी करेंगे पूजन।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि प्रवासी भारतीयों के आगमन पर रणजीत हनुमान मंदिर में विशेष साज सज्जा की जाएगी। उनके लिए पूजा-अर्चना के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। मंदिर में सुरक्षा के लिहाज से 16 मीटर ऊंचा हाई मास्ट लगाए जाने की भी महापौर ने घोषणा की।

जिले में सुख – शांति की प्रार्थना की।

कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने कहा मैंने भगवान से इंदौर जिले की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की है।

बुधवार शाम को मंदिर में दीपोत्सव का आयोजन किया गया।इस अवसर पर मंदिर को दीपों से सजाया गया। इसमें मंदिर के भक्त मंडल के सदस्य और यहां आने वाले भक्तों ने मंदिर में दीप जलाए। दीपों की रोशनी से मंदिर जगमगा उठा। इसके साथ ही भक्तों के लिए और भक्त मंडल के सदस्यों के लिए भजन संध्या का भी आयोजन किया गया।

विग्रह प्रतिमा का अभिषेक व रक्षा सूत्रों की सिद्धि।

पं. व्यास के मुताबिक 15 दिसम्बर को मंदिर में बाबा के विग्रह प्रतिमा का अभिषेक किया जाएगा। सुबह 11 बजे से ये आयोजन शुरू होगा। इसके साथ ही रक्षा सूत्रों की सिद्धि भी इस दौरान की जाएगी। बाद में इन रक्षा सूत्रों को भक्तों में वितरित किया जाएगा। रक्षा सूत्रों को भक्तों में वितरित करने के लिए भी अलग से टीम गठित की गई है।

सुबह 5 बजे निकलेगी प्रभातफेरी।

16 दिसम्बर को सुबह 5 बजे मंदिर परिसर से रणजीत हनुमान की प्रभात फेरी निकाली जाएगी। बाबा रणजीत अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इस बार मंदिर प्रबंधन और भक्त मंडल को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में भक्त इन आयोजन में शामिल होने आएंगे। 251 भक्त एक वेषभूषा में स्वर्ण रथ खीचेंगे। इस दौरान नासिक के ढोल और केरल के वाद्यों की धून में रमेंगे। 10 से अधिक भजन मंडलियां यात्रा मार्ग पर प्रस्तुतियां देंगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *