पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय संस्कृति की पताका पूरे विश्व में फहराई : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

  
Last Updated:  February 11, 2024 " 05:17 pm"

मुख्यमंत्री ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लालघाटी स्थित पं.उपाध्याय की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण।

इंदौर : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज का दिन हम सबके लिए विशेष है। आज पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि है, जिन्होंने जनसंघ की स्थापना से लेकर अंतिम सांस तक, अपने जीवन को यज्ञ में आहुति की तरह समर्पित करते हुए देश ही नहीं पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति की पताका फहराई और राजनीति का एक बड़ा दर्शन दिया। इस दर्शन को विश्व, एकात्म मानव दर्शन के रूप में जानता है। गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव आए, उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और उनका जीवन सफल हो ऐसे हर संभव प्रयास करना इस दर्शन का मूल भाव है। सभी के कल्याण के सुंदर विचार लेकर जिन्होंने राजनीतिक यात्रा का नेतृत्व किया ऐसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति में समर्पण दिवस का आयोजन हम सबको गौरवान्वित करने वाला है। डॉ. यादव ने संगठन द्वारा आरंभ आजीवन सहयोग निधि संग्रहण में भी अपना योगदान दिया।

विकास और जनकल्याण के लिए राज्य सरकार केन्द्र के साथ डबल इंजन की तरह चलने को तत्पर।

डॉ. यादव ने कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का झाबुआ आना हम सभी का सौभाग्य है। प्रधानमंत्री ने जीवन के सभी क्षेत्रों में विकास की जो कल्पना की है, वह धार-झाबुआ में भी सार्थक हो रही है। धार-झाबुआ को तीन-तीन राजमार्ग मिले हैं, यह क्षेत्र सुपर एक्सप्रेस-वे के केन्द्र में रहेगा जहां से दिल्ली-मुंबई एक समान दूरी पर होगा। सभी क्षेत्रों को सड़क, हवाई यात्रा आदि की सुविधा समान रूप से मिले, यह प्रधानमंत्री मोदी का विजन है, और हम इस विजन को लेकर केंद्र सरकार के साथ डबल इंजन की तरह चलने को तत्पर हैं।

डॉ. यादव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से यही प्रार्थना है कि भारतीय संस्कृति की पताका संपूर्ण विश्व में फैले। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा पूर्व महापौर आलोक शर्मा और सुमित पचौरी सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *