पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से उत्तर भारत में चली शीतलहर, गिरा तापमान

  
Last Updated:  December 20, 2020 " 05:47 pm"

नई दिल्ली : शिमला और कश्मीर में बर्फबारी के बाद दिल्ली में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। दिल्ली के जाफरपुर में पारा शिमला के बराबर पहुंच गया है। यहां तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। वहीं पंजाब के अमृतसर में ठंड ने दस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां पारा 0.4 डिग्री पर पहुंच गया। जालंधर में तापमान 1.6 डिग्री रहा। बर्फीली हवाओं ने बिहार की राजधानी पटना में भी कोल्ड डे जैसे हालात पैदा कर दिए। यहां एक दिन में पारा 4 डिग्री तक गिर गया।

राजस्थान: सभी 33 जिलों में पारा 7 डिग्री से नीचे।

राजस्थान में शीतलहर के साथ सर्दी का सितम जारी है। 24 घंटे के दौरान ही ज्यादातर शहरों में पारा 3 डिग्री सेल्सियस और नीचे चला गया। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम था। एक भी शहर ऐसा नहीं रहा जहां रात का पारा 7 डिग्री से ज्यादा हो। माउंट आबू और चांदन के बाद अब चूरू और जोबनेर में पारा माइनस में चला गया। बीती रात जोबनेर और माउंट आबू में तापमान -2.5° और चूरू में -0.3° सेल्सियस दर्ज किया गया।

मप्र के 23 शहरों में तापमान 10 डिग्री या उससे नीचे।

बारिश के बाद बादल छंटते ही राजधानी भोपाल समेत मध्य प्रदेश में अब कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है।भोपाल में सीजन का पहला कोल्ड डे रहा। यहां दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम यानी 21.7 डिग्री दर्ज किया गया। रात का तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे 7.4 डिग्री पर पहुंच गया। 24 घंटे ठंडी हवा चली। प्रदेश के 6 शहरों में पारा 5-6 डिग्री के आसपास और 23 शहरों में 10 डिग्री या उससे कम रहा। मध्य प्रदेश के रायसेन में पत्तों पर बर्फ जमने के भी समाचार मिले हैं। यही स्थिति बीना में भी देखने को मिली।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हिमाचल, कश्मीर में हुई बर्फबारी के बाद वहां से आई बर्फीली हवा से हमारे यहां ठंड बढ़ी। अभी तक अरब सागर से आई नमी ने ठंड रोक रखी थी। प्रदेश में दतिया सबसे ठंडा रहा। वहां दिन का तापमान 3.1 डिग्री दर्ज किया गया। नौगांव में पारा 4.1, ग्वालियर में पारा 4.2, खजुराहो में 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

बिहार में चमकी ठंड।

बिहार की राजधानी पटना में एक दिन के अंदर तापमान में 4 डिग्री की गिरावट आई।
पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने 24 घंटे में बिहार के अधिकांश शहरों का तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरा दिया। 16 से 22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलीं, जिससे आम लोगों को सिहरन महसूस हुई। पटना के अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई।
बिहार के गोपालगंज जिले में पछुआ हवा से न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट आ गई। नतीजतन रात में फिर से कंपकंपी बढ़ गई है।
पटना में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री से कम रहने और न्यूनतम पारा 10 डिग्री से कम होने से कोल्ड डे जैसे हालात बन गए हैं।

नई दिल्ली NCR में लगातार लुढ़क रहा पारा ।

राजधानी दिल्ली में इंसान से लेकर पशु-पक्षी भी ठंड की कहर के आगे बेबस दिखे। दिल्ली-NCR में तापमान लगातार गिर रहा है। नजफगढ़ क्षेत्र के जाफरपुर कलां में सामान्य से 6 डिग्री कम, शिमला के बराबर 2.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का सामान्य तापमान 4.4° सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। पश्चिमी दिल्ली के पालम में सामान्य 5 डिग्री कम 3.4° सेल्सियस, लोधी रोड में 3.8°, सफदरजंग में 4.4°, नजफगढ़ में 5.9° और दिल्ली के रिज इलाके में न्यूनतम तापमान 6.2° दर्ज किया गया।

शीतलहर से काँपा पंजाब।

शीतलहर से पंजाब में फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही। अमृतसर में ठंड का 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। यहां न्यूनतम पारा 0.4 डिग्री रहा, जो सूबे में सबसे कम है। जालंधर-कपूरथला में पारा 1.6 डिग्री रहा। शीतलहर के साथ कोहरा भी बढ़ेगा। दिन और रात के तापमान की साइकिल बदलने से ठंड ज्यादा है। पिछले साल दिन का तापमान तेजी से गिरता था, रात को चढ़ जाता था। इस साल साइकिल बदला है।
अमृतसर के इम्पीरियल सिटी इलाके में वाहनों पर ओस की परत जमी देखी गई।
उधर, चंडीगढ़ में भी पारा लगातार गिर रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सीजन में सबसे कम है। अगले कुछ दिन तक और पारा गिरेगा और धुंध पड़ सकती है।

छत्तीसगढ़ में भी ठंड की दस्तक।

उत्तर से ठंडी और पूर्व से शुष्क हवा आने के कारण छत्तीसगढ़ में ठंड ने दस्तक दे दी है। रायपुर में रात के तापमान में 2.5 डिग्री और पेंड्रा रोड में 6 डिग्री की गिरावट आई है। इससे उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य पर आ गया है। राजधानी में अभी भी रात का तापमान 17.2 डिग्री पर है और यह सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। अंबिकापुर में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री गिरा। वहां तापमान 8.8 डिग्री रहा, जो सामान्य है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *