पीएम मोदी ने अलौकिक महाकाल लोक का किया लोकार्पण

  
Last Updated:  October 11, 2022 " 07:42 pm"

पैदल व ई वाहन से भ्रमण कर किया समूचे परिसर का अवलोकन।

सीएम शिवराज सिंह ने पीएम मोदी को महाकाल लोक की विशेषताओं से कराया अवगत।

शिवमय हुआ पूरा वातावरण।

इंदौर : मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मन्दिर में पूजा अर्चना, आरती के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘श्री महाकाल लोक’ का लोकार्पण कर राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा रिमोट का बटन दबाते ही रंगीन कलावे (रक्षा सूत्र) से निर्मित शिव लिंग के रूप में भगवान महाकाल मानों स्वयं प्रकट हो गए। इसी के साथ पूरा वातावरण शिवमय हो गया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ‘श्री महाकाल लोक’ का भ्रमण कर निर्मित कलाकृतियों को देखा। उन्होंने लोकार्पण के पूर्व श्री महाकाल लोक में उपस्थित साधु-सन्तों का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्री महाकाल लोक में निर्मित भित्ति चित्रों, स्तंभों एवं प्रतिमाओं में वर्णित शिव लीलाओं की जानकारी दी। इस दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी उपस्थित थे।

पैदल व ई – कार्ट में बैठकर किया महाकाल लोक का अवलोकन।

प्रधानमंत्री मोदी ने श्री महाकाल लोक में भगवान शिव शंकर की ध्यानस्थ प्रतिमा, सप्तर्षि मंडल आदि का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने ई-कार्ट में बैठ कर 900 मीटर लम्बे ‘श्री महाकाल लोक’ परिसर में निर्मित नयनाभिराम धार्मिक-आध्यात्मिक और शिव लीला पर आधारित कला रूपों का अवलोकन किया।
भारत के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 700 कलाकारों ने इस दौरान अपने नृत्य, गीत और अभिनय से भगवान शिव की लीलाओं की प्रस्तुति दी। ब्राह्मणों ने समवेत स्वरों में सस्वर वेद मंत्रों का पाठ किया। भगवान शंकर की लीलाओं की कलाकृतियों, वैदिक मंत्रोच्चार, कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों के बीच श्री महाकाल लोक जीवंत हो उठा। भारत सहित दुनिया के 40 देश इस आध्यात्मिक, अलौकिक, अद्वितीय एवं अदभुत अनुभूति के साक्षी बनें।

लोकार्पित प्रथम चरण में ये हुए हैं कार्य।

मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में बनारस कॉरिडोर की तर्ज पर ‘श्री महाकाल लोक’ बनाया गया है। योजना के प्रथम चरण में करीब 350 करोड़ की लागत से भगवान श्री महाकालेश्वर के आँगन में छोटे और बड़े रूद्र सागर, हरसिद्धि मन्दिर, चारधाम मन्दिर, विक्रम टीला आदि का विकास किया गया है। इसी के साथ महाकाल प्लाजा, महाकाल कॉरिडोर, मिड-वे जोन, महाकाल थीम पार्क, घाट एवं डेक एरिया, नूतन स्कूल कॉम्पलेक्स, गणेश स्कूल कॉम्पलेक्स का कार्य पूर्ण हो चुका है। महाकाल कॉरिडोर के प्रथम चरण में पैदल चलने के लिए 200 मीटर लम्बा मार्ग बनाया गया है। इसमें 25 फीट ऊँची एवं 500 मीटर लम्बी म्युरल वॉल बनाई गई है। साथ ही 108 शिव स्तंभ, शिव की मुद्राओं सहित विविध प्रतिमाएँ निर्मित हो चुकी हैं, जो अलग ही छटा बिखेर रही हैं। लोटस पोंड, ओपन एरिया थिएटर तथा लेक फ्रंट एरिया, ई-रिक्शा एवं आकस्मिक वाहनों के लिए मार्ग भी बनाए गए हैं। बड़े रूद्र सागर की झील में स्वच्छ पानी भरा गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि यह पानी स्वच्छ बना रहे।

दूसरे चरण में ये कार्य होंगे।

श्री महाकाल लोक के दूसरे चरण में महाराजवाड़ा परिसर का विकास किया जाएगा, जिसमें ऐतिहासिक महाराजवाड़ा भवन का हैरिटेज के रूप में पुन: उपयोग, कुंभ संग्रहालय के रूप में पुराने अवशेषों का समावेश कर महाकाल मन्दिर परिसर से एकीकरण किया जाएगा। दूसरे चरण के कार्य 2023-24 में पूर्ण होंगे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *