प्रदेश में किया जा रहा ऐतिहासिक धरोहरों का वैभव लौटाने का काम..

  
Last Updated:  February 13, 2023 " 09:25 pm"

केवल अधो-संरचना निर्माण ही नहीं, लोगों की ज़िंदगी बदलने का काम कर रही है सरकार : मुख्यमंत्री चौहान

मुख्यमंत्री ने इंदौर के राजवाड़ा एवं गोपाल मंदिर में 159 करोड़ की लागत के नवीन कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया।

इंदौर : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य सरकार केवल अधो-संरचना निर्माण का कार्य ही नहीं कर रही बल्कि लोगों की ज़िंदगी को बेहतर बनाने में भी जुटी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजवाड़ा और गोपाल मंदिर के जीर्णोद्धार से इन ऐतिहासिक इमारतों का गौरव वापस लौटा है। विदेशी मेहमान भी इसे देख कर भारतीय विरासत को दाद दे रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान राजवाड़ा और गोपाल मंदिर का पुराना वैभव लौटाने के बाद सोमवार शाम आयोजित लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

159 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन।

मुख्यमंत्री चौहान ने इस मौके पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत राजवाड़ा एवं गोपाल मंदिर परिसर में 46 करोड़ रूपए के तीन कार्यों के लोकार्पण के साथ 113 करोड़ रूपए के तीन कार्यों का शिलान्यास व भूमिपूजन भी किया।

निम्न और मध्यम वर्ग की महिलाओं के लिए लाडली बहना योजना।

मुख्यमंत्री चौहान ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ग का कल्याण ही हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के बाद अब लाड़ली बहना योजना प्रदेश में शुरू की जा रही है। योजना में निम्न और माध्यम वर्ग की महिलाओं को हर माह 1000 रुपये दिये जाएँगे। योजना में पात्र महिलाओं का चयन विकास यात्रा की समाप्ति के बाद शुरू किया जाएगा।

नए निर्माण की अनुमति प्रक्रिया सरल करेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इंदौर अद्भुत शहर है। शहर के विकास में जिन्होंने अपनी दुकान की कुछ भूमि दी है उनके लिए नये निर्माण की अनुमति और शुल्क की प्रकिया को सरल बनाया जाएगा। इंदौर सभी क्षेत्र में अव्वल आने वाला अद्भुत शहर है। नये ट्रेफ़िक मैनेजमेंट सिस्टम से इंदौर शहर यातायात के क्षेत्र में भी अग्रणी बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास यात्राएँ निरंतर जारी हैं। विकास कार्यों के लोकार्पण, शिलान्यास के साथ जन-कल्याण का महायज्ञ पूरे प्रदेश में चल रहा है। विकास यात्राओं को जनता का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। अलग-अलग नवाचार हो रहे हैं, परिणामस्वरूप यात्रा बहुआयामी और बहुउपयोगी हो गई है।

विधानसभा तीन के सभी सरकारी स्कूलों को उन्नत करेंगे।

विधायक आकाश विजयवर्गीय ने अपने विधानसभा क्षेत्र में किए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यहाँ के सरकारी स्कूल प्राइवेट स्कूलों को भी मात करेंगे। क्षेत्र में अंडर ग्राउंड बिजली केबल बिछाई जाएगी।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्यमंत्री चौहान को मध्यप्रदेश का वैभव लौटाने वाला विकास पुरुष निरूपित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से ही राजवाड़ा और गोपाल मंदिर का वैभव लौटाने का काम हुआ है।

प्रारंभ में मुख्यमंत्री चौहान ने माँ अहिल्या की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उन्होंने गोपाल मंदिर में दर्शन के बाद राजवाड़ा में हुए विकास कार्यों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन भी किया। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी और कविता पाटीदार, आईडीए अध्यक्ष जयपाल चावड़ा सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *