बीजेपी कार्यालय में आजादी की 77 वी वर्षगांठ पर किया गया ध्वजारोहण

  
Last Updated:  August 16, 2023 " 04:27 pm"

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस।

इंदौर : 77 वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंगलवार को जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय पर वरिष्ठ भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति में झंडा वंदन किया गया। भाजपा कार्यालय को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में खूबसूरत ढंग से सजाया गया था। ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने नगरवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए उसके सम्मान को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर गौरव रणदिवे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आजादी को 76 वर्ष पूर्ण हो गए हैं। यह हमारे देश का स्वर्णिम काल खंड है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था की आने वाली सदी भारत की होगी। अगर आप उस दिशा में देखेंगे तो महसूस करेंगे कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी निगाह से देख रही है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे ने कहा कि हमें शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए संकल्पित होना चाहिए।

पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने कहा कि हमें स्वतंत्रता बहुत तकलीफों के बाद मिली है। हमें उसे सहजना है, सुरक्षित रखना है। हमें एक भारत- श्रेष्ठ भारत बनाना है। यह बात आज के दिन हमें याद रखनी चाहिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता बाबू सिंह रघुवंशी, पूर्व आईडीए अध्यक्ष मधु वर्मा, सांसद शंकर लालवानी, विधायक महेंद्र हार्डिया, गोपीकृष्ण नेमा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सूरज केरो, प्रताप करोसिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *