बीजेपी की निगम परिषद ने बनाई स्वच्छ और विकसित शहर के बतौर इंदौर की पहचान – मालिनी गौड़

  
Last Updated:  June 30, 2022 " 06:31 pm"

इंदौर : पूर्व महापौर मालिनी गौड़ ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता के जरिए अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि बीजेपी ने इंदौर की विकसित छवि देश के समक्ष पेश की है। आज विदेशों में भी इंदौर की पहचान सबसे स्वच्छ शहरों में होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा मेरे महापौर कार्यकाल में बीजेपी की निगम परिषद ने कई विकास कार्य किए।

मालिनी गौड़ ने कहा कि पिछली परिषद के कार्यकाल में मुख्यमंत्री शिववराजसिंह चौहान द्वारा चुनावी संकल्प पत्र का विमोचन किया गया था, जिसका शत प्रतिशत पालन हुआ। हमने इन्दौर की जनता, इन्दौर नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहयोग से पूर्ण किया है। जिसमें भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार व राज्य सरकार का भी विषेष योगदान रहा है।

149 वे स्थान से पहुंचे नंबर 1

मालिनी गौड़ ने कहा कि जब उन्होंने महापौर के बतौर कार्यभार संभाला तब स्वच्छता में इंदौर का स्थान 149 वा था। कचरा मुक्त शहर की परिकल्पना को हमने सबसे पहले वार्ड क्रमांक 71 में लागू किया था। वहां सफल होने के बाद इसे पूरे शहर में लागू किया गया। उसके बाद से हम देश में लगातार 5 वर्षों से नंबर वन बने हुए हैं। इन्दौर की स्वच्छता की तारिफ देश ही नहीं विदेशों में भी की जाती है।

देश में पहली बार गोबरधन प्लांट का निर्माण।

मालिनी गौड़ ने बताया कि कचरा पेटी मुक्त शहर, घर-घर कचरा संग्रहण, गीले-सूखे कचरे का सेग्रीगेशन, ट्रांसफर स्टेशन, बेकलेन सुधार, खाद बनाने की व्यवस्था, कचरा प्रोसेसिंग, ट्रेचिंग ग्राउण्ड़ को कचरा मुक्त कर उपवन में बदलना जैसे प्रयासों से लगातार इन्दौर नंबर वन बना हुआ है। देश में पहली बार गोबरधन प्लांट का निर्माण किया गया है जो अपने आप में एक अनूठा काम है। शहर के हर व्यक्ति की साझेदारी सुनिष्चित की। हजारों विद्यार्थियों को स्वच्छता का सिपाही बनाया।
कान्ह-सरस्वती शुद्धिकरण के लिए प्राइमरी सैकेण्ड्री एवं वार्ड़ स्तर की सीवर लाइन बनाई या दुरूस्त करवाई। घाट एवं किनारों का संरक्षण एवं सौन्दर्यकरण किया। इन्दौर स्वच्छता के साथ वाटर प्लस षहर भी बना।

ऐतिहासिक इमारतें संवारी।

मालिनी गौड़ ने कहा कि ऐतिहासिक इमारतां के संवर्धन का काम भी हमने किया है। चाहे गांधी हाल हो, राजवाड़ा, हरिराव होल्कर छत्री, बोलिया छत्री हो या गोपाल मंदिर। हमने राजवाड़ा परिसर के आसपास का अतिक्रमण हटवाया और उन व्यापारियों के लिए नया शॉपिंग काम्प्लेक्स बनवाकर उन्हें शिफ्ट किया।

चिड़ियाघर को नया स्वरूप दिया।

मालिनी गौड़ ने कहा कि उन्होंने 56 दुकान को नये आकर्षक स्वरूप में ढाला। चिड़ियाघर के बाहर हो रहे अवैध कब्जे को हटाकर उसका स्वरूप बदला साथ ही अन्दर नयी व्यवस्थाऐं भी तैयार की। लक्ष्मणसिंह गौड़ उद्यान जर्जर एवं जंगली पेड़ पौधों से पूरा परिसर गंदा हो गया था उसका पुनर्निर्माण कर नया स्वरूप दिया।

नेहरू स्टेडियम से अतिक्रमण हटाए।

मालिनी गौड़ के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय मानक वाला स्वीमिंग पुल भी बनाया गया है। नेहरू स्टेड़ियम के आसपास खेल गतिविधियां संचालित होती थी उन पर अवैध कब्जा कर लिया गया था जिससे अतिक्रमण मुक्त करवाकर पुराने स्वरूप मे ं लौटाया गया।

देवी अहिल्याबाई सांस्कृतिक केंद्र।

शहर के मध्य श्रीकृष्ण टॉकिज के सामने एम.जी. रोड़ पर जर्जर हो चुके भवन के स्थान पर सर्वसुविधा युक्त लोकमाता अहिल्या बाई होलकर बहूभाषीय सांस्कृतिक केन्द्र का निर्माण अंतिम चरणों में है। ऐतिहासिक दशहरा मैदान परिसर में भव्य गेट एवं बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कर आम जनता के दिन प्रतिदिन के उपयोग के लिए सुविधाजनक किया। सिरपुर तालाब के पश्चिम रिंग वाले क्षेत्र को अवैध कब्जों से मुक्त कर एक विशाल उपवन का निर्माण किया गया।
शहर में बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए विभिन्न चौराहों का विकास, लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया।

सड़कों का किया चौड़ीकरण।

मालिनी गौड़ ने बताया कि शहर की कई सड़कों पर बढते ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए उनका चौडीकरण किया गया जिनमें प्रमुख रूप से कनाड़िया रोड़, बियाबानी रोड़, जयरामपुर से गौराकुण्ड़ चौराहा, गंगवाल टू सरवटे, बड़ा गणपति से कृष्णपुरा पुल तक की सड़कें शामिल हैं। ऐसी सड़को का तय समय सीमा में काम पूर्ण किया गया जो कि, शहर के विकास का नया अध्याय है।

जवाहर मार्ग पर रिकॉर्ड समय में पुल बनाया।

सितम्बर 2018 में शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाला जवाहर मार्ग पुल जर्जर हो गया था। हमने इस पुल का निर्माण 105 दिनों में पूरा किया जो अपने आप में रिकॉर्ड है। इसके साथ कई ऐसे पुल-पुलियाओं का निर्माण करवाया गया जिनसे आप सब परिचित है।

आदेश सड़क का किया निर्माण।

शहर में एक ऐसी सड़क बनाना जिस पर बैठकर लोग भोजन कर सकें, हमने ऐसी ही एक आदर्श सड़क का निर्माण शहर में किया है इसके अतिरिक्त रणजीत हनुमान रोड़ को भी ऐसा ही बनाया है।

360 एमएलडी पानी लाए।

मालिनी गौड़ ने बताया कि पेयजल व्यवस्था पर काम करते हुए 360 एम.एल.ड़ी. पानी इन्दौर शहर में लाने का काम भी हमारी निगम परिषद ने किया है। शहर में स्काड़ा सिस्टम लगाए जिससे वाटर लॉस कम किया जा सके, 28 नयी पानी की टंकियों का निर्माण किया गया जहाँ से हाथोंहाथ डिस्ट्रीब्यूशन लाइन भी बिछाई गयी। वार्ड़ क्रं. 80 में पानी के मीटर भी लगाए गए हैं।

निगम की वर्कशॉप दुरुस्त की।

श्रीमती गौड़ के मुताबिक इन्दौर नगर निगम की वर्कशॉप को अपग्रेड़ कर अत्याधुनिक आय.एस.ओ. सर्टिफाईड़ वर्कशॉप बनाया। लगभग 500 स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय व मूत्रालय बनाएं जिनकी सफाई नियमित रूप से नगर निगम द्वारा की जाती है। शहर को अवैध होर्डिंग से मुक्त कराया। आवारा पशुओं को सड़कों से हटाकर गौशालाओं में भेजा गया।नगर को धूल-धुऐं से मुक्त करने के लिए हमने अत्याधुनिक मशीनों से सड़कों की सफाई व धुलाई प्रारंभ करवाई। स्वच्छ भारत मिशन में ह नम्बर 1आने में इस सफाई, धुलाई का भी योगदान रहा।

10 हजार लोगों को आवास दिलवाए।

मालिनी गौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर लगभग 10 हजार आवास बनाएं गए हैं, जिससे हजारों परिवार को अपना आशियाना नसीब हुआ है।

311 एप पर मिली शिकायतों का होता है समाधान।

मालिनी गौड़ के मुताबिक हमने वर्ष 2016 में आम नागरिकों की सुविधा की दृष्टि से महापौर हेल्पलाइन इन्दौर 311 एप का शुभारंभ किया, जिस पर बहुत ही कम समय में अच्छा प्रतिसाद आने लगा और घर बैठे ही व्यक्ति को दिन प्रतिदिन की समस्याओं का निदान होने लगा। इस एप पर घर बैठे समस्याओं के निदान के साथ जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, नलकूप खनन हेतु परमिशन, वाटर हार्वेस्टिंग हेतु तकनीकी सहायता जैसे
कार्य घर बैठे हो जाते हैं।

लोक परिवहन सिस्टम को मजबूत किया।

श्रीमती गौड़ ने बताया कि लोक परिवहन बढ़ावा देने को काम को पिछली परिषद ने प्रमुखता से किया है। निगम परिवार का हिस्सा ही अटल सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड़ के माध्यम से शहर में स्टूडेंट एवं वरिष्ठजनों के लिए रियायती दरों पर पास सुविधा उपलब्ध करायी गई। इंटर सिटी, इंटर स्टेट व शहर में लगभग 500 से अधिक बसे ए.आई.सी.टी.एस.एल. द्वारा संचालित की जा रही हैं। यह बसें इलेक्ट्रिनिक, कचरे से बनने वाली सी.एन.जी गैस से भी चल रही है।

पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दीपक जैन, टीनू, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दिव्या गुप्ता, पूर्व संभागीय मीडिया प्रभारी आलोक दुबे, मीडिया प्रभारी रितेश तिवारी, सह मीडिया प्रभारी नितीन द्विवेदी उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *