महिला की शिकायत पर द्वारकापुरी पुलिस ने दर्ज की एफआईआर।
इंदौर : बीजेपी पार्षद शानू नितिन शर्मा के खिलाफ द्वारकापुरी पुलिस ने दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया है। एक महिला की शिकायत पर ये मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि शानू शर्मा ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देते हुए उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर आर्थिक मदद के बहाने कई बार उसका यौन शौषण किया।
लंबी जद्दोजहद के बाद दर्ज हुआ प्रकरण।
फरियादी महिला लिखित शिकायत लेकर द्वारकापुरी थाने पहुंची थी। इस बात का पता लगने पर कई नेताओं ने पुलिस पर दबाव बनाया। महिला पर भी शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया लेकिन महिला नहीं मानी। अंततः लंबी जद्दोजहद के बाद फरियादी महिला की शिकायत पर बीजेपी पार्षद शानू उर्फ नितिन शर्मा के खिलाफ धारा 376, 376(2)(n) और 506 भादवि का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
एफआईआर में ये लगाए आरोप।
फरियादी महिला द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि उसकी पहचान शानू शर्मा से कोरोना काल के दौरान वर्ष 2020 में हुई थी। आर्थिक परेशानियों के चलते वह एक वर्ष पहले पार्षद शानू उर्फ नितिन शर्मा के पास गई थी। उसे बैंक का लोन भी चुकाना था। आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी दिलाने के बदले शानू शर्मा ने यौन संबंध बनाने और बॉयफ्रेंड से रिश्ते खत्म करने की शर्त रखी। फरियादी महिला के मुताबिक शानू शर्मा ने उसे एक लाख रुपए दिए भी पर जब उसने यौन संबंध बनाने से इंकार किया तो दिए हुए रुपए वापस मांग लिए।महिला के अनुसार उसने 50 हजार रुपए तो वापस कर दिए। शेष 50 हजार रुपए नहीं दे पाई। इसपर शानू शर्मा ने उसे मिलने के लिए विदुर नगर बुलाया और एक मकान में 10 मई 2023 को उसके साथ यौन संबंध बनाएं। बाद में रुपए लौटाने के लिए उसने शानू शर्मा के दफ्तर में नौकरी की। वहां भी शानू ने कई बार उसका यौन शोषण किया। जनवरी 2024 में विजयनगर स्थित एक होटल में बुलाकर यौन संबंध बनाए। उसके बाद मार्च माह में उसे नौकरी से निकाल दिया। बाद में एक एनजीओ में नौकरी दिलवाई जो उसने (महिला) छोड़ दी। बीती 16 अप्रैल को भी आरोपी शानू उर्फ नितिन शर्मा ने उसे ऑफिस बुलाकर यौन शोषण किया। फरियादी महिला का आरोप है कि शानू के कई अन्य लड़कियों से भी रिश्ते हैं। जब इस बारे में शानू से बात की तो उसने मुझे जान से मारने की धमकी दी। महिला के मुताबिक शानू के कारण उसके बॉयफ्रेंड से भी रिश्ते टूट गए। शानू उर्फ नितिन शर्मा ने उसकी जिंदगी बर्बाद की है। इसी लिए उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए एफआईआर करवाई है।
फिलहाल आरोपी पार्षद शानू उर्फ नितिन शर्मा की गिरफ्तारी नहीं हुई है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।








