भारतीय सेना के सम्मान में इंदौर में निकाली गई तिरंगा यात्रा

  
Last Updated:  May 17, 2025 " 02:40 pm"

ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाने वाले सैन्यवीरों को किया सैल्यूट।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक यात्रा में हुए शामिल।

हर तरफ हुआ भारत माता की जय और वंदेमातरम् का उदघोष, देशभक्ति से सराबोर रहा समूचा यात्रा मार्ग।

समाज के हर धर्म, हर जाति, हर वर्ग ने तिरंगा यात्रा में की सक्रिय भागीदारी।

इंदौर : पहलगाम में बहन – बेटियों का सिंदूर मिटाने वाले आतंकियों और उनके आकाओं को ऑपरेशन सिंदूर के जरिए कड़ा सबक सिखाने वाली भारत की सेना के सम्मान में शुक्रवार देर शाम इंदौर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ तमाम जनप्रतिनिधि, सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, खेल और अन्य संगठनों के प्रतिनिधि व आम नागरिक इस तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। देशप्रेम से भरपूर उल्लसित माहौल इस दौरान नजर आया। बड़ा गणपति से प्रारंभ हुई यह तिरंगा यात्रा गोराकुण्ड, खजुरी बाजार होते राजबाड़ा पर सम्पन्न हुई। मार्ग में विभिन्न समाजों, संस्थाओं, संस्थानों और व्यापारिक सगठनों द्वारा लगाए गए सैकड़ों मंचों तिरंगा यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। समूचा यात्रा मार्ग तिरंगे के रंग में डूबा हुआ था। हाथों में तिरंगा थामे लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए सेना की वीरता को सम्मान दे रहे थे। बीएसएफ, और पुलिस बैंड के साथ राजकमल बैंड भी देशभक्ति के तराने गाते – बजाए माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर रहे थे। अर्द्ध सैनिक बल, एनसीसी, स्काउट, राजनेता, ब्रह्माकुमारी बहनें, अभिभाषक, पत्रकार, शहर के प्रबुद्धजन, खिलाड़ी और बड़ी तादाद में इंदौर वासियों ने यात्रा में शामिल होकर सेना की वीरता के प्रति सम्मान व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तिरंगा यात्रा में विशेष रथ में सवार थे। उन्होंने हाथ हिलाकर नागरिकों का अभिवादन किया।

भारतीय सेना ने दिखाया ऐतिहासिक शौर्य व पराक्रम।

तिरंगा यात्रा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अब नए दौर का शक्तिशाली भारत दिखाई दे रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से हमारी तीनों सेनाओं ने अपने साहस, शौर्य, पराक्रम और वीरता से दुश्मनों को करारा जवाब दिया है।पूरी दुनिया ने हमारी ताकत, एकजुटता और अत्याधुनिक हथियारों का उपयोग देखा है। आतंकवादियों के मंसूबों को भी नाकाम किया गया है। कोई भी ताकत अब भारत को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। हम सब सेना को सम्मान देने के लिए इस यात्रा में एकत्रित हुए हैं। तिरंगा यात्राओं के माध्यम से सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया जा रहा है। यह यात्रा जिला से लेकर पंचायत स्तर तक लगातार जारी रहेगी। उन्होंने इंदौर की तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बताया।

महापुरुषों की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा के प्रारंभ में बड़ा गणपति पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, वहीं तिरंगा यात्रा के समापन के बाद देवी अहिल्या बाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तिरंगा लहराया।

बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि देश के सैनिकों के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा में सिख, मुस्लिम, बोहरा समाज सहित सभी धर्मगुरु,व्यापारी संगठन एवं शहर के नागरिकों ने जिस उत्साह के साथ भागीदारी निभाई, उसके लिए वे कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।

यात्रा में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी व कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण मुरारी मोघे विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, श्रीमती मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, मनोज पटेल, श्रवण चावड़ा, गौरव रणदिवे, चिंटू वर्मा, दीपक जैन टीनू, आलोक दुबे, बाबू सिंह रघुवंशी, कैलाश शर्मा, आलोक दुबे, सुधीर कोल्हे सहित अन्य जनप्रतिनिधि व नेता मौजूद रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *