इंदौर: लोकसभा चुनाव के लिए 19 मई को इंदौर सहित मालवा- निमाड़ की 8 सीटों पर मतदान होगा। स्थानीय स्तर पर जिला और पुलिस प्रशासन ने मतदान निर्विघ्न रूप से सम्पन्न कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों की पहचान कर वहां पुलिस के साथ केंद्रीय बलों के जवान भी तैनात किए गए हैं।
मतदान दल हुए रवाना।
इंदौर लोकसभा क्षेत्र में कुल 2881 मतदान बूथ बनाए गए हैं। नेहरू स्टेडियम से शनिवार तड़के ही मतदान सामग्री का वितरण शुरू कर दिया गया था। सुबह 11 बजे तक मतदान दलों को सामग्री वितरित कर दी गई थी। अधिकांश मतदान केंद्रों पर मतदान दल पहुंच भी गए हैं। 690 पिंक बूथ बनाए गए हैं। जहां केवल महिला कर्मचारी ही तैनात किए गए हैं।
23 लाख से अधिक हैं मतदाता।
इंदौर लोकसभा क्षेत्र में कुल 23 लाख 49 हजार 476 मतदाता हैं जिनमें 12 लाख 7 हजार 371 पुरुष और 11 लाख 41हजार 952 महिला मतदाता हैं। 180 ट्रांसजेंडर वोटर्स हैं। मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने कई उपहार देने का भी ऐलान किया है। इनमें सिटी बसों में मुफ्त यात्रा भी शामिल है।
सुरक्षा के किये गए हैं कड़े इंतजाम।
निर्विघ्न चुनाव सम्पन्न कराने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। करीब 8 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। 529 संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किये गए हैं जहां पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। कुल 13 केंद्रीय बल और 10 सशस्त्र बलों की कंपनियां किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहेंगी।
20 प्रत्याशी हैं चुनाव मैदान में।
इंदौर लोकसभा सीट पर 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी पंकज संघवी और बीजेपी के उम्मीदवार शंकर लालवानी के बीच ही माना जा रहा है।