मप्र की पहली वंदे भारत ट्रेन को प्रधानमंत्री मोदी ने दिखाई हरी झंडी

  
Last Updated:  April 1, 2023 " 06:10 pm"

भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से हुई रवाना।

लोगों में वंदे भारत को लेकर नजर आया भारी उत्साह।

अत्याधुनिक तकनीक और कई सुविधाओं से लैस है यह ट्रेन।

भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार एक अप्रैल को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन भोपाल से मध्य प्रदेश की पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे।

भोपाल-दिल्ली रूट पर चलेगी वंदे भारत।

रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश की ये पहली वंदे भारत ट्रेन भोपाल से दिल्ली के बीच चलेगी। सप्ताह में छह दिन सुबह 5:55 पर भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होकर दोपहर 1:45 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी। वापसी में दोपहर 2:45 पर यह ट्रेन दिल्ली से चलेगी और रात 10:35 पर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंच जाएगी। सेमी हाई स्पीड इस ट्रेन का सफर कुल 7 घंटे 50 मिनट का होगा। शुरुआती स्पीड 90 किलोमीटर प्रति घंटे होगी हालांकि वंदे भारत ट्रेन की अधिकतम स्पीड 160-180 किलोमीटर प्रति किलोमीटर है।

वंदे भारत ट्रेन को लेकर दिखा भारी उत्साह।

भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना हुई वंदे भारत ट्रेन को लेकर भोपाल वासियों में भारी उत्साह नजर आया। बीजेपी कार्यकर्ताओं सहित हजारों लोग रानी कमलापति स्टेशन पर इस ट्रेन को रवाना होते देखने के लिए मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसे ही इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, समूचा स्टेशन परिसर मोदी – मोदी और भारत माता की जय से गुंजायमान हो उठा। रेलवे पटरी के किनारे और बहुमंजिला इमारतों में खड़े होकर लोगों ने वंदे भारत का अभिनंदन किया और वीडियो बनाए। बाद में आनेवाले हर स्टेशन पर लोगों हर्षोल्लास के साथ इस ट्रेन का स्वागत किया।

ये खूबियां हैं वंदे भारत में।

वंदे भारत नए जमाने की अत्याधुनिक तकनीक से लैस ट्रेन है। इसके कोच विशेष प्रकार से बनाए गए हैं।यह पूर्णतः वातानुकूलित चेयर कार ट्रेन है। इकोनॉमी और एक्जीक्यूटिव क्लास की सीटें इसमें रहेंगी। दोनों श्रेणियों का किराया भी अलग – अलग रखा गया है। इकोनॉमी क्लास में थ्री बाय टू और एक्जीक्यूटिव क्लास में टू बाय टू सीटें लगाई गई हैं। एक्जीक्यूटिव क्लास की सीटें भी कई खूबियां समेटे हैं। ये 180 डिग्री में घूम सकती हैं। इसमें चार्जिंग पॉइंट भी लगे हुए हैं। फोल्डिंग नाश्ता टेबल, फुट रेस्ट और पुशबैक बटन भी दिया गया है। प्रत्येक सीट पर खास दृष्टिहीनों के लिए ब्रेल लिपि में भी सीट नंबर दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए पूरी ट्रेन को सीसीटीवी कैमरों से आच्छादित किया गया है। अनाउंसमेंट की व्यवस्था भी की गई है।सुविधाओं के मामले में इसे राजधानी के समकक्ष रखा जा सकता है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *