मप्र में खंडवा लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखें घोषित, 30 अक्टूबर को होगा मतदान
Last Updated: September 28, 2021 " 01:13 pm"
भोपाल : मप्र में एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है।ये उपचुनाव खंडवा लोकसभा और पृथ्वीपुर, जोबट व रैगाव विधानसभा सीटों पर होंगे। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर को उपचुनाव की अधिसूचना जारी होगी। 8 अक्टूबर तक नामांकन भरे जा सकेंगे। 11 अक्टूबर को नामांकनों की जांच होगी। 13 अक्टूबर को नाम वापसी होगी। 30 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। 2 नवम्बर को मतगणना की जाएगी।
इसलिए हो रहें उपचुनाव।
खंडवा लोकसभा सीट बीजेपी सांसद नन्द कुमार सिंह चौहान के निधन से रिक्त हुई है, वहीं पृथ्वीपुर विधानसभा सीट कांग्रेस के विधायक पूर्व मंत्री ब्रजेन्द्र सिंह राठौर के निधन से खाली हुई है। जोबट विधानसभा सीट कांग्रेस की विधायक कलावती भूरिया के निधन से जबकि रैगांव विधानसभा सीट बीजेपी विधायक जुगल किशोर बागरी के निधन से रिक्त हुई है। इसके चलते इन सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं।