महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की क्रांतिकारी पहल है लाडली बहना योजना – सिलावट

  
Last Updated:  March 5, 2023 " 07:15 pm"

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का हुआ शुभारंभ।

मंत्री सिलावट की अध्यक्षता में इंदौर में हुआ जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम।

शुभारंभ कार्यक्रम की साक्षी बनने के लिए इंदौर से 4 हजार महिलाएं पहुंची भोपाल।

इंदौर : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर इंदौर जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में ग्राम डकाच्या में आयोजित किया गया, वहीं भोपाल में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम की साक्षी बनने के लिए इंदौर से 4 हजार महिलाएं भोपाल पहुंची।

इंदौर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर महिलाओं को बड़ा उपहार दिया है। उन्होंने सशक्त नारी,सशक्त परिवार, सशक्त समाज, सशक्त प्रदेश,सशक्त देश के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू की है। यह देश में अपने तरह की पहली एवं अनूठी योजना है। इस योजना से जहां एक ओर महिलाओं का आर्थिक कल्याण होगा, वहीं दूसरी ओर उनका सम्मान भी परिवार और समाज में बढ़ेगा। महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होगी। यह योजना एक क्रांतिकारी पहल साबित होगी। उन्होंने सभी महिलाओं से आग्रह किया कि वे आगे आकर इस योजना का लाभ उठाएं। यह योजना उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव का कारगर माध्यम बनेगी। उन्होंने योजना के लाभ से भी महिलाओं को अवगत कराया। उन्होंने योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना के तहत लाभान्वित करने का प्रयास करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस योजना के लाभ से कोई भी पात्र महिला वंचित नहीं रहना चाहिए। जल संसाधन मंत्री सिलावट ने उपस्थित महिलाओं का सम्मान किया। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी बेटियों का पूजन भी किया।मंत्री सिलावट ने उपस्थित जनों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संकल्प दिलवाया। कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वंदना शर्मा ने योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *