महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार ने उठाए हैं कई कदम- सीएम शिवराज

  
Last Updated:  April 29, 2022 " 09:10 pm"

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक संपन्न।

महिला मोर्चा को शिवराजसिंह जी ने सौंपे तीन महत्वपूर्ण कार्य।

इंदौर : बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक माणिक बाग रोड स्थित गुरु अमरदास हॉल में आयोजित की गई। बैठक के उद्घाटन सत्र में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने संबोधित किया।

महिला सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार ने उठाए कई कदम।

बैठक के समापन सत्र को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने संबोधित किया। संबोधन के पूर्व उन्होंने बैठक में उपस्थित महिलाओं को “नारी तू नारायणी “करते हुए सर झुका कर प्रणाम किया। सीएम चौहान ने कहा कि यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवताः
इस देश में हजारों साल पहले से महिलाओं को पुरुषों से प्रमुख स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि बहनों ने तिलक लगाकर स्वागत किया है। तिलक नई शक्ति और ऊर्जा का संचार करता है इस तिलक की उर्जा से प्रदेश में दुष्टों का संहार होता रहेगा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारी सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को राजनैतिक, सामाजिक और आर्थिक तौर पर सशक्त करने के हर संभव प्रयास किए हैं।

महिला मोर्चा को सौंपे तीन महत्वपूर्ण कार्य।

मुख्यमंत्री ने महिला मोर्चा को तीन महत्वपूर्ण कार्य सौंपे , जिसमें पहला है लाडली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित परिवारों से संवाद स्थापित करना तथा उन्हें पार्टी से जोड़ना, दूसरा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवार की कन्याओं का विवाह कराना और तीसरा स्वंय सहायता समूह की महिलाओं को पार्टी से जोड़ना। उन्होंने उम्मीद जताई कि महिला मोर्चा की बहने उन्हें दी गई जिम्मेदारी शिद्दत के साथ निभाएंगी।

इसके पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन का कार्य किस बेहतर ढंग से किया जा सकता है, यह हमें राजमाता सिंधिया और कुशाभाऊ ठाकरे से सीखना चाहिए। उन्होंने अधिकाधिक मातृशक्ति को पार्टी से जोड़े जाने पर जोर दिया।

कार्यसमिति की बैठक में पहले सत्र को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री सुखप्रीत कौर और दूसरे सत्र को दीप्ति रावत ने संबोधित किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी दर्शना सिंह, मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत, श्रीमती सुखप्रीत कौर, केबिनेट मंत्री उषा ठाकुर, कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, महिला मोर्चा अध्यक्ष माया नारोलिया, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व महिला मोर्चा प्रभारी सीमा सिंह जादौन, भाजपा प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, सांसद प्रज्ञासिंह ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *